A
  1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. VIDEO: बाराबंकी में भीषण सड़क हादसा! ट्रक और डंपर की आमने-सामने से हुई जोरदार टक्कर, ड्राइवर की जिंदा जलकर मौत

VIDEO: बाराबंकी में भीषण सड़क हादसा! ट्रक और डंपर की आमने-सामने से हुई जोरदार टक्कर, ड्राइवर की जिंदा जलकर मौत

बाराबंकी में भयानक दुर्घटना हो गई है। यहां कंटेनर ट्रक और डंपर की टक्कर के बाद दोनों गाड़ियों में भीषण आग लग गई और इसमें ड्राइवर की जिंदा जलकर मौत हो गई। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है।

यूपी के बाराबंकी में...- India TV Hindi
Image Source : REPORTERS INPUT यूपी के बाराबंकी में ट्रक-डंपर की टक्कर से भीषण सड़क हादसा हो गया है।

Barabanki Road Accident: यूपी के बाराबंकी में बीती देर रात भीषण सड़क हादसा हुआ है। यहां कंटेंनर ट्रक और डंपर की आमने-सामने से जोरदार टक्कर हुई और इससे दोनों वाहनों में भीषण आग लग गई। इस हादसे में ट्रक ड्राइवर की जिंदा जलकर दर्दनाक मौत हो गई। ये दुर्घटना हैदरगढ़ कोतवाली क्षेत्र के सतरही रेलवे क्रॉसिंग के पास देर रात हुई। सामने आए हादसे के वीडियो में दोनों गाड़ियां जलती हुई दिख रही हैं।

चकनाचूर हुए दोनों गाड़ियों के आगे के हिस्से

बता दें कि तेज रफ्तार में आमने-सामने से भिड़े ट्रक और डंपर की टक्कर इतनी भीषण कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से पूरी तरह चकनाचूर हो गए। वीडियो में यह साफ दिखाई दे रहा है। हादसे के बाद कंटेनर ट्रक और डंपर दोनों धू-धू कर जलने लगे और देखते ही देखते आग का गोला बन गए।

केबिन में फंसकर जिंदा जला ट्रक का ड्राइवर

इस हादसे के दौरान, डंपर चालक और ट्रक का खलासी किसी तरह कूदकर बच निकले, लेकिन ट्रक का ड्राइवर केबिन में ही फंसा रह गया। वह आग की चपेट में आकर जिंदा जल गया। अभी तक मृतक ट्रक चालक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस उसे पहचानने और उसके परिजनों तक खबर पहुंचाने में जुटी हुई है। 

कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पाया काबू

हादसे के बाद मौके पर मची अफरा-तफरी मच गई। इस हादसे के बाद लोगों में दहशत है। इस दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने की कोशिश शुरू की। फिर घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

दुर्घटना के बाद हैदरगढ़-भिटरिया मार्ग पर लगा जाम

इस हादसे के चलते हैदरगढ़-भिटरिया मार्ग पर लंबा जाम भी लग गया। बाद में क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाया गया। इसके बाद यातायात बहाल हुआ।

(इनपुट- दीपक निर्भय)