1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. UP में दलित नाबालिग युवक को तंमचे के बल पर निर्वस्त्र कर पीटा, 15 जनवरी तक जान से मारने की दी धमकी, 5 पर FIR

UP में दलित नाबालिग युवक को तंमचे के बल पर निर्वस्त्र कर पीटा, 15 जनवरी तक जान से मारने की दी धमकी, 5 पर FIR

दलित नाबालिग युवक को जमकर पीटने के साथ उसको निर्वस्त्र करने का वीडियो भी बनाया गया है। आरोपियों ने पीड़ित को निर्वस्त्र कर भी पीटा और 15 जनवरी तक जान से मारने की धमकी दी है।

सांकेतिक तस्वीर- India TV Hindi
Image Source : PTI सांकेतिक तस्वीर

उत्तर प्रदेश के बरेली जिले से हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। जहां मुख्यालय के कैंट थाना क्षेत्र में दबंगों द्वारा दलित किशोर को उसके घर के पास से अगवा कर एक तालाब के पास ले जाकर निर्वस्त्र कर पिटाई की गई है। इस मामले में शुक्रवार को 5 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई। 

पीड़ित किशोर की मां ने दर्ज कराई शिकायत

इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल रहा है। बरेली के पुलिस अधीक्षक (नगर) मानुष पारीख ने बताया कि पीड़ित किशोर की मां की तहरीर पर पुलिस ने मुकुल यादव, सुभाष यादव उर्फ एडी, सुल्तान, आयुष और बासु के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है। उन्होंने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। 

तमंचे व चाकू के बल पर किया निर्वस्त्र

पुलिस के मुताबिक, पिटाई के दौरान आरोपियों ने तमंचे व चाकू के बल पर किशोर को निर्वस्त्र कर दिया। घटना के एक दिन बाद वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है। पुलिस के अनुसार कैंट थाना क्षेत्र के सदर बाजार इलाके की रहने वाली आरती देवी ने बेटे के साथ हुई इस घटना की शिकायत दर्ज दर्ज कराई है। उनके पति मजदूरी करते हैं और वह एक निजी स्कूल में काम करती है। 

घटनाक्रम का वीडियो भी रिकॉर्ड किया

आरती के मुताबिक, 31 दिसंबर की रात उसका 16 वर्षीय बेटा घर के पास टहल रहा था, तभी आहीर मोहल्ला निवासी मुकुल यादव, सुभाष यादव उर्फ एडी, सुल्तान, आयुष और बासु उसके घर के पास पहुंचे और उसके बेटे को जबरन बाइक पर बैठाकर अपने साथ चनेहटा रोड स्थित बने तालाब के पास ले गए। वहां तमंचे और चाकू के दम पर किशोर को बुरी तरह से पीटा गया। उसने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि आरोपियों ने मारपीट कर किशोर को निर्वस्त्र कर दोबारा उसकी पिटाई की और घटनाक्रम का वीडियो रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया मंच पर साझा कर दिया। 

15 जनवरी तक जान से मारने की दी धमकी

शिकायत के अनुसार, इस दौरान किशोर किसी तरह अपनी पैंट आरोपियों से छीनकर मौके से भागा, जिससे उसकी जान बच गई। उसने घर पहुंचकर परिजनों को घटना की पूरी जानकारी दी। चर्चा है कि किशोर की मुकुल से कुछ दिन पहले इंस्टाग्राम पर किसी बात को लेकर मामूली कहासुनी हुई थी। इस पर मुकुल ने उसे 15 जनवरी तक जान से मारने की धमकी दी थी।