बरेली: बरेली जिले के थाना सुभाषनगर इलाके में एक बेहद चौंकाने वाला और दुखद मामला सामने आया है। यहां एक प्राइवेट अस्पताल में नर्सिंग असिस्टेंट के पद पर कार्यरत कुलदीप गोस्वामी ने पत्नी और ससुराल वालों की प्रताड़ना से तंग आकर संदिग्ध परिस्थितियों में जहर खाकर खुदकुशी कर ली। कुलदीप ने खुदकुशी से पहले एक वीडियो बनाया और उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। इस वीडियो में उसने अपनी पत्नी और सके परिवार के लोगों पर बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने मृतक के पिता की तहरीर पर पत्नी समेत चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शादी के दो महीने बाद ही शुरू हुआ विवाद
जानकारी के मुताबिक कुलदीप की यह दूसरी शादी थी। उसकी पहली शादी करीब 15 साल पहले हुई थी, जिनसे उनका एक 13 साल का बेटा भी है। पहली पत्नी से तीन महीने पहले कानूनी तौर पर तलाक होने के बाद कुलदीप ने दो महीने पहले ही गुंजा कुमारी से दूसरी शादी की थी। कुलदीप के परिजनों का यारोप है कि शादी के तुरंत बाद गुंजा घर से कैश और जेवर की चोरी करने लगी थी। इसे लेकर विवाद होने लगा था। इसके बाद वह झगड़ा करके अपनी बहन और बहनोई के घर जाकर रहने लगी। 30 जून को पत्नी ने महिला थाने में कुलदीप के खिलाफ शिकायत भी दर्ज कराई थी।
समझौता करने गए कुलदीप के साथ मारपीट का आरोप
मृतक कुलदीप के पिता सतपाल गोस्वामी और भाई हर्ष गोस्वामी के मुताबिक कुलदीप मामले को शांति से सुलझाना चाहता था और इसी सिलसिले में वह अपनी साली के घर समझौता करने और बात करने पहुंचे थे। आरोप है कि वहां ससुराल वालों ने उनके साथ मारपीट की और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर मानसिक रूप से बुरी तरह प्रताड़ित किया। इस घटना से आहत होकर कुलदीप ने जहर खा लिया।
बड़े डाकखाने पर छोड़कर भागे ससुरालवाले
क्षेत्रीय क्षेत्राधिकारी (सीओ) आशुतोष शिवम ने बताया कि आज दिनांक 4 जुलाई को थाना कैंट पर तहरीर दी गई कि उनके पुत्र कुलदीप गोस्वामी जो की एक प्राइवेट अस्पताल में नर्सिंग असिस्टेंट के पद पर कार्यरत हैं उनकी पत्नी तथा अन्य ससुराल जनो द्वारा उन्हें ससुराल में बुलाकर उनके साथ मारपीट की गई उन्हें प्रताड़ित किया गया तथा उन्हें झूठे मुकदमे फंसाया गया। इन सभी चीजों से आहत होकर इनके पुत्र ने जहर खा लिया इसके बाद ससुरालवाले उनके पुत्र को बड़े डाकखाने पर छोड़कर फरार हो गए। कुलदीप के पिता को जैसे ही यह बता पता चली उन्होंने उसे एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान आज कुलदीप की मौत हो गई है। इस पर कुलदीप के पिता द्वारा उपलब्ध कराई गई तहरीर पर तत्काल मुकदमा पंजीकृत किया गया तथा फील्ड यूनिट द्वारा मौके पर से जो भी साक्ष्य थे उन्हें एकत्रित किया गया। सुसाइड नोट बरामद कर लिया गया है तथा कुछ वीडियो भी वायरल हो रहे हैं इनकी भी पड़ताल की जा रही है।
रिपोर्ट- विकास साहनी, बरेली
ये भी पढ़ें:
जीजा के प्यार में मदहोश हुई साली, अपनी ही बहन की हत्या की साजिश रच डाली, तभी आ गया ये ट्विस्ट
साली के 14 लाख रुपये पर थी जीजा की नजर, ससुराल जाकर चुरा लिया; किसी को भनक तक नहीं लगी