1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. हापुड़ के गांव में वर्चस्व की जंग में फायरिंग, खूनी संघर्ष और पथराव में महिला समेत 3 घायल

हापुड़ के गांव में वर्चस्व की जंग में फायरिंग, खूनी संघर्ष और पथराव में महिला समेत 3 घायल

हापुड़ में दो पक्षों में जमकर विवाद हो गया। इस दौरान पथराव और फायरिंग भी हुई। पुलिस मामले की जांच कर रही है, इस बीच घटना का वीडियो वायरल हो रहा है।

There was a huge uproar in Hapur due to mutual dispute.- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT हापुड़ में आपसी विवाद में जमकर बवाल मचा

उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में नगर कोतवाली क्षेत्र के गांव बदनोली में सुबह-सुबह दो पक्षों के बीच हिंसक टकराव हो गया। बच्चों के रास्ते से गुजरने, गाली-गलौज और पुरानी रंजिश को लेकर शुरू हुई बहस देखते ही देखते लाठी-डंडों, जमकर पथराव और ताबड़तोड़ फायरिंग में बदल गई। इस खूनी संघर्ष से पूरे गांव में भगदड़ और हड़कंप मच गया। घटना के कई वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आए हैं, जिनमें दोनों पक्षों की ओर से पत्थरों की बौछार और खुलेआम फायरिंग की घटना साफ तौर पर देखी जा सकती है।

करीब दो साल से चल रहा था दोनों पक्षों में विवाद

इस घटना में अवैध हथियारों से हुई फायरिंग के दौरान गोली लगने और पथराव से एक महिला मुनेश, गोलू और बंटी गंभीर रूप से घायल हो गए। पीड़ितों और प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि दबंग पूर्व ग्राम प्रधान अमरपाल के बेटों और परिजनों ने रास्ते में रोककर गाली-गलौज की और फिर अवैध कट्टे-तमंचे निकालकर अंधाधुंध गोलियां बरसानी शुरू कर दीं। स्थानीय निवासियों के अनुसार दोनों पक्षों के बीच जिम में हुई कहासुनी को लेकर पिछले करीब दो साल से विवाद चल रहा था। इसके बाद से ही इलाके में वर्चस्व को लेकर तनाव बना हुआ था।

गांव में माहौल तनावपूर्ण, पुलिस कर रही शांति की व्यवस्था

घटना के बाद गांव की सड़कें पत्थरों और ईंट के टुकड़ों से पट गईं और मौके से कारतूस के खाली खोके भी बरामद हुए। सूचना मिलने पर भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित किया। सभी घायलों को तुरंत इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर चिकित्सा के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। फिलहाल पुलिस गांव में तैनात है और तनावपूर्ण माहौल के बीच शांति व्यवस्था बनाए रखने का प्रयास कर रही है।

चार आरोपी गिरफ्तार, पुलिस कर रही वीडियो से मामले की जांच

मामले की गंभीरता को देखते हुए हापुड़ के एसपी कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने मोर्चा संभाल लिया है। एसपी हापुड़ के अनुसार शुरुआती जांच में यह विवाद नवयुवकों के बीच रास्ते पर आने-जाने, टसलबाजी और सोशल मीडिया पर पुरानी कहासुनी को लेकर होना सामने आया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मामले में 4 मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। घायलों से पूछताछ और वायरल वीडियो के आधार पर अन्य संलिप्त लोगों की पहचान की जा रही है, जिन्हें जल्द गिरफ्तार कर सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

हापुड़ से निशांक शर्मा की रिपोर्ट

यह भी पढ़ें 

पति के साथ दिखी लड़की तो पत्नी का चढ़ गया पारा, बीच सड़क पर कर दी पिटाई

यूपी पुलिस ने किया इनामी चेन स्नैचर का एनकाउंटर, पैर पर गोली मारकर हिरासत में लिया