A
  1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. घर में पी रहे थे शराब, बड़ा पैग और छोटा पैग बनाने को लेकर हुई ऐसी बहस, भतीजे ने कर दी चाचा की हत्या

घर में पी रहे थे शराब, बड़ा पैग और छोटा पैग बनाने को लेकर हुई ऐसी बहस, भतीजे ने कर दी चाचा की हत्या

मृतक की पत्नी ने आरोपी के खिलाफ पुलिस में केस दर्ज कराया है। पुलिस ने इस मामले में जांच करते हुए आरोपी भतीजे को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने कहा कि उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

शराब पीने के दौरान बहस- India TV Hindi
Image Source : FREEPIK शराब पीने के दौरान बहस

उत्तर प्रदेश के भदोही जिले में सनसनीखेज वारदात सामने आई है। शराब पीने के दौरान हुई कहासुनी के बाद एक शख्स ने अपने चाचा की ईंटों से ताबड़तोड़ हमला कर हत्या कर दी। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। 

घर में पी जा रही थी शराब

पुलिस ने बताया कि यह घटना शुक्रवार रात की है। पुलिस क्षेत्राधिकारी चमन सिंह चावड़ा ने कहा कि ज्ञानपुर थाना अंतर्गत बड़वापुर गांव स्थित वनवासी बस्ती में शुक्रवार की रात माधव वनवासी (45) के घर कुछ लोग शराब पी रहे थे, जहां उसका भतीजा राजेश वनवासी भी आया था। 

पैग बनाने को लेकर हुई कहासुनी

पुलिस अधिकारी चमन सिंह चावड़ा ने कहा कि इस दौरान, बड़ा पैग और छोटा पैग बनाने को लेकर कहासुनी हुई और विवाद बढ़ने पर राजेश ने अपने चाचा माधव वनवासी के सिर पर एक ईंट से प्रहार किया, जिससे माधव वहीं गिर गया। शराब के नशे में राजेश तब तक प्रहार करता रहा जब तक कि उसके चाचा की मौत नहीं हो गई। 

नशे में घायल समझते रहे लोग

पुलिस अधिकारी चावड़ा ने बताया घर में सभी लोग शराब के नशे में थे, जिसके चलते वे माधव को सिर्फ घायल समझते रहे। मगर देर रात माधव की पत्नी मीना ने उसे देखा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। 

आरोपी भतीजे को पुलिस ने किया गिरफ्तार

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मृतक की पत्नी मीना की तहरीर पर राजेश वनवासी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि राजेश वनवासी को शनिवार को बस्ती से ही एक घर से गिरफ्तार कर लिया गया है। इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

भाषा के इनपुट के साथ