A
Hindi News उत्तर प्रदेश मंदिर-मस्जिद और मयखाना: भदोही में रोज उत्पात मचा रहे शराबी, थार से कई गाड़ियों को रौंदने का वीडियो आया सामने

मंदिर-मस्जिद और मयखाना: भदोही में रोज उत्पात मचा रहे शराबी, थार से कई गाड़ियों को रौंदने का वीडियो आया सामने

वीडियो में देखा जा सकता है कि थार सवार युवक वेन्यू कार को पीछे से टक्कर मारता है और घसीटते हुए आगे ले जाता है। ऐसे में वेन्यू कार से उतरकर लोग थार की तरफ बढ़ते हैं तो वह वाहनों को टक्कर मारते हुए भाग जाता है।

Bhadohi- India TV Hindi Image Source : INDIA TV भदोही में थार से कई गाड़ियों को मारी टक्कर

उत्तर प्रदेश के भदोही में शराब की एक दुकान स्थानीय लोगों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई हैं। यहां मर्यादपट्टी इलाके में मंदिर और दो मस्जिद आसपास बने हुए हैं। इन्हीं के पास एक शराब का ठेका भी है। भीड़भाड़ वाले इलाके में शराब का ठेका होने के कारण लोगों को खासी परेशानी हो रही है। यहां शराब पीकर लोग अक्सर हंगामा करते रहते हैं और रोजाना विवाद होते रहते हैं। शनिवार के दिन भी यहां थार और वेन्यू कार में सवार लोगों के बीच झगड़ा हो गया। इसके बाद थार चला रहे व्यक्ति ने कई वाहनों को टक्कर मार दी। 

घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें देखा जा सकता है कि थार की टक्कर से तीन बाइक गिर गई थीं। हालांकि, इनमें सवार लोग कुचले जाने से बाल-बाल बच गए। इस घटना में तीन लोग घायल हुए हैं।

थार से कई गाड़ियों को मारी टक्कर

मामला मर्यादपट्टी इलाके का है। शनिवार शाम भरत टॉकीज चौराहा के पास काले रंग की थार और सफेद रंग की वेन्यू कार में सवार युवकों के बीच जमकर झगड़ा हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, किसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हुई जो देखते ही देखते हाथापाई में बदल गई। घटना के दौरान सड़क पर लंबा जाम लग गया और आम लोगों में डर का माहौल पैदा हो गया। हंगामे के बीच थार सवार युवक गाड़ी लेकर भागने लगे। इसी दौरान थार चालक ने लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए सड़क पर मौजूद तीन बाइक सवारों को टक्कर मार दी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। दो बाइकें पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं, जबकि सफेद रंग की वेन्यू कार को भी थार ने घसीटते हुए दूर तक ढकेल दिया। घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और कई लोग सड़क पर गिर पड़े।

वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान कर रही पुलिस

राहगीरों ने मोबाइल से वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो में देखा जा सकता है कि भीड़ में अफरातफरी का माहौल है और कुछ लोग थार सवार को पकड़कर पीटते नजर आ रहे हैं। पीटने वाले लोग वेन्यू कार सवार बताए जा रहे हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और वायरल वीडियो के आधार पर दोनों गाड़ियों और उसमें सवार लोगों की पहचान शुरू कर दी है। फिलहाल पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।

(भदोही से शरद रमेश मौर्य की रिपोर्ट)