1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. 10,01,35,60,00,00,00,00,00,01,00,23,56,00,00,00,00,299... युवक के खाते में अरबों रुपये ट्रांसफर होने का आया मैसेज

10,01,35,60,00,00,00,00,00,01,00,23,56,00,00,00,00,299... युवक के खाते में अरबों रुपये ट्रांसफर होने का आया मैसेज

बेरोजगार युवक के खाते में 36 डिजिट की संख्या में रुपये ट्रांसफर होने का मैसेज आया। ये रकम अरबों रुपये की है। पुलिस और आयकर विभाग की टीम ने इस मामले में छानबीन की है।

बैंक बैलेंस का स्क्रीनशॉट- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT बैंक बैलेंस का स्क्रीनशॉट

उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर जिले से हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। जहां ग्रेटर नोएडा के ऊंची दनकौर गांव में एक युवक के खाते में अरबों रुपये ट्रांसफर होने का मैसेज आया। युवक का नाम दीपक उर्फ दीपू है। वह बेरोजगार भी है। उसके बैंक खाते में शुक्रवार (1 अगस्त 2025) को 1 अरब 13 लाख 55 हजार करोड़ रुपये (10,01,35,60,00,00,00,00,00,01,00,23,56,00,00,00,00,299 रुपये) जमा होने का मैसेज आया। 

पुलिस और आयकर विभाग ने मामले को लिया संज्ञान में

बेरोजगार युवक के इतनी राशि ट्रांसफर होने के बाद इलाके में हलचल मच गई। ग्रेटर नोएडा पुलिस और आयकर विभाग ने तुरंत मामले को संज्ञान में लिया। थाना दनकौर पुलिस ने कहा कि NAVI UPI App पर टैक्निकल ग्लिच के माध्यम से किसी बग के कारण यह केवल NAVI App पर ही इतना बैलेन्स दिखा रहा है। 

बैंक बैलेंस अब भी दिखा रहा 0

पुलिस ने कहा कि PHONE PE पर लॉगिन करने के बाद युवक का वर्तमान बैलेंस 0 दिखा रहा है। इसके अलावा ई मेल के माध्यम से युवक के वर्तमान बैंक स्टेटमेंट को मंगाया गया, जिसमें भी युवक का बैलेन्स 0 ही दिखा रहा है। 

दो महीने पहले ही कोटक  बैंक में खोला था अकाउंट

पुलिस इस मामले के बाकी बिंदुओं पर भी जांच कर रही है। जबकि आयकर विभाग इस राशि के स्रोत की जांच में जुट गया है। दीपक, जो हाल ही में अपने माता-पिता को खो चुका है और बेरोजगार है। उसने दो महीने पहले ही कोटक महिंद्रा बैंक में खाता खोला था। वह यूपीआई के जरिए छोटे-मोटे लेनदेन करता था। 

अकाउंट को किया गया फ्रीज

शनिवार को उसके मोबाइल पर बैंक से अरबों रुपये जमा होने का मैसेज आया, जिसे देखकर वह हैरान रह गया। सोमवार को जब वह बैंक पहुंचा, तो उसे बताया गया कि उसका अकाउंट फ्रीज कर दिया गया है। बैंक ने इस राशि के स्रोत के बारे में कोई जानकारी नहीं दी।

इस पूरे मामले पर बैंक ने जारी किया बयान

कोटक महिंद्रा बैंक ने वायरल खबरों पर अपना बयान जारी किया है। बैंक ने कहा- 'ग्राहक के खाते में असामान्य रूप से बड़ी राशि होने की खबरें गलत हैं। ग्राहकों से अनुरोध है कि वे अपने खाते की जानकारी मोबाइल बैंकिंग ऐप या नेट बैंकिंग के जरिए जांच लें।' इसके साथ ही कोटक महिंद्रा बैंक ने कहा, 'हमारे सिस्टम सामान्य रूप से काम कर रहे हैं। सभी सेवाएं सुरक्षित और पूरी तरह से चालू हैं।'

रिपोर्ट- राहुल ठाकुर