1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. यूपी में BJP ने स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के MLC चुनाव के लिए किया उम्मीदवारों का ऐलान, पढ़ें पूरी लिस्ट

यूपी में BJP ने स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के MLC चुनाव के लिए किया उम्मीदवारों का ऐलान, पढ़ें पूरी लिस्ट

UP MLC Election 2026 के लिए BJP ने अपने प्रत्याशियों के नामों की घोषणा कर राजनीतिक सरगर्मी बढ़ा दी है। शिक्षक और स्नातक सीटों पर 5 प्रत्याशियों के ऐलान के माध्यम से BJP ने चुनावी मैदान में दावेदारी पेश कर दी है। देखें पार्टी ने कहां से किसको उम्मीदवार बनाया है।

स्नातक और शिक्षक...- India TV Hindi
Image Source : PTI (प्रतीकात्मक फोटो) स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के MLC चुनाव के लिए BJP ने उम्मीदवारों की घोषणा की।

BJP ने उत्तर प्रदेश में होने वाले स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के MLC चुनाव 2026 के लिए अपने कैंडिडेट्स के नामों का ऐलान कर दिया है। पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति की तरफ से रिलीज की गई लिस्ट में 5 सीटों पर उम्मीदवारों के नामों पर सहमति दे दी गई है। इन प्रत्याशियों के नामों के ऐलान के साथ ही यूपी में सियासी हलचल तेज हो गई है।

लखनऊ स्नातक सीट से अवनीश कुमार सिंह बने प्रत्याशी

बीजेपी की तरफ जारी उम्मीदवारों की लिस्ट के मुताबिक, लखनऊ स्नातक सीट से अवनीश कुमार सिंह को प्रत्याशी बनाया गया है। वहीं, आगरा स्नातक सीट से उम्मीदवार के रूप में डॉ. मानवेंद्र प्रताप सिंह के नाम पर पार्टी ने मुहर लगाई है। शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र चुनाव के लिए बरेली-मुरादाबाद शिक्षक सीट से डॉ. हरि सिंह ढिल्लों को बीजेपी ने टिकट दिया है। साथ ही, लखनऊ शिक्षक सीट से उमेश द्विवेदी को उम्मीदवार बनाया गया है। इसके अलावा, मेरठ शिक्षक सीट से श्रीचंद शर्मा को BJP ने अपना प्रत्याशी घोषित किया है।

क्रमांक निर्वाचन क्षेत्र उम्मीदवार का नाम
1 लखनऊ स्नातक सीट अवनीश कुमार सिंह
2 आगरा स्नातक सीट डॉ. मानवेंद्र प्रताप सिंह
3 बरेली-मुरादाबाद शिक्षक सीट डॉ. हरि सिंह ढिल्लों
4 लखनऊ शिक्षक सीट उमेश द्विवेदी
5 मेरठ शिक्षक सीट श्रीचंद शर्मा

MLC चुनाव 2026 में मजबूती दिखाएगी BJP

पार्टी सूत्रों के अनुसार, उम्मीदवारों के चुनाव में क्षेत्र में पकड़, संगठनात्मक अनुभव और शिक्षकों एवं स्नातकों के बीच उनके प्रभाव को खासा महत्व दिया गया है। BJP इन MLC चुनाव 2026 में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराने की स्ट्रैटेजी को लेकर तैयारियों में लगी हुई है।

इन सीटों पर शिक्षक समुदाय और शिक्षित वर्ग का सीधा प्रभाव

गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश विधान परिषद चुनाव को लेकर सभी सियासी एक्टिव हो गए हैं। राजनीतिक दृष्टि से शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनावों को अहम माना जाता है, क्योंकि इन सीटों पर शिक्षक समुदाय और शिक्षित वर्ग का सीधा असर होता है। ऐसे में BJP ने वक्त रहते अपने उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर चुनावी अभियान को रफ्तार देने की कोशिश की है।

दिसंबर में खत्म हो रहा है मौजूदा MLC का कार्यकाल

माना जा रहा है कि अन्य सियासी दल भी जल्द ही अपने प्रत्याशियों की घोषणा कर सकते हैं। इन सीटों पर आने वाले दिनों में चुनावी टक्कर और दिलचस्प हो सकती है। जान लें कि अभी गाजियाबाद सीट से प्रत्याशी के नाम का ऐलान होना बाकी है। दिसंबर में इनका कार्यकाल खत्म हो रहा है। MLC चुनाव को लेकर अभी चुनाव आयोग ने तारीखों का ऐलान नहीं किया है।

स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों का MLC चुनाव क्या होता है?

उत्तर प्रदेश विधान परिषद में स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों का MLC चुनाव एक खास चुनावी प्रक्रिया है जिसके माध्यम से राज्य के शिक्षित नागरिक (स्नातक) और शिक्षक अपने प्रतिनिधियों को चुनकर ऊपरी सदन यानी विधान परिषद में भेजते हैं। उत्तर प्रदेश विधान परिषद की 100 सीटों में से 8 सीटें शिक्षक कोटे के MLC और 8 सीटें स्नातक कोटे के MLC के लिए आरक्षित हैं। इस चुनाव में सीधे आम जनता वोट नहीं करती है। इसमें वोटर बनने के लिए नागरिक को आवेदन करने की तारीख से कम से कम 3 साल पहले स्नातक होना चाहिए या फिर उसके समकक्ष डिग्री होनी चाहिए।

ये भी पढ़ें- बिजली कटौती पर CM योगी ने की समीक्षा बैठक, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश; लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त