1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. मंत्री स्वतन्त्र देव को घेरने वाले बीजेपी विधायक बोले- काम न करने वाले अधिकारियों को पहना चुका हूं चूड़ियां और पेटीकोट

मंत्री स्वतन्त्र देव को घेरने वाले बीजेपी विधायक बोले- काम न करने वाले अधिकारियों को पहना चुका हूं चूड़ियां और पेटीकोट

भाजपा विधायक ब्रजभूषण राजपूत ने कहा है कि किसी को बंधक बनाना मेरे लिए मामूली बात है। इससे पहले मैं कांग्रेस सरकार में केंद्रीय मंत्री रहे प्रदीप जैन को भी उनके घर में ही बंधक बना लिया था।

भाजपा विधायक ब्रजभूषण राजपूत- India TV Hindi
Image Source : REPORTER भाजपा विधायक ब्रजभूषण राजपूत

महोबाः यूपी के जलशक्ति मंत्री स्वतन्त्र देव सिंह को कथित तौर पर बंधक बनाने वाले बीजेपी विधायक ब्रजभूषण राजपूत के बगावती सुर अब भी है। महोबा में ब्रजभूषण राजपूत ने कहा कि मेरे लिए किसी को बंधक बनाना आम बात है। विधायक बनने से पहले काम न करने वाले अधिकारियों को चूड़ियां और पेटीकोट तक पहनवा चुका हूं। 

कांग्रेस सरकार के दौरान केंद्रीय मंत्री को बना चुका हैं बंधकः ब्रजभूषण 

भाजपा विधायक ब्रजभूषण राजपूत ने कहा कि जनता और विकास की बात मैं कमरे में क्यों करूं, जनता की बात है तो सड़क पर क्यों नहीं कर सकता हूं। अगर मैं सड़क पर बात कर रहा हूं तो आपको गुस्सा क्यों आ रहा है। लोग क्रोधित क्यों हो रहे हैं। उनके (मंत्री स्वतन्त्र देव सिंह) समर्थनों को दिक्कत क्या हो रही है। मैं ठेका मांग नहीं रहा, पट्टा मांग नहीं रहा हूं, आपसे पदोन्नति की बात कर नहीं रहा हूं तो आपको दिक्कत नहीं होनी चाहिए। वो कहते हैं बंधक बनाए। पहले तो मैं आपको बताऊं कि आप लोगों ने मेरा केवल विधायक वाला रूप ही देखा है। लोग मुझे विधायक के तौर पर ज्यादा जानते हैं।

काम न करने वाले अधिकारियों को पहना चुका हूं चूड़ियां और पेटीकोट

ब्रजभूषण राजपूत ने कहा कि बीजेपी में आने से पहले मैं बुंदेलखंड अधिकार सेना चलाता था। जब से बीजेपी का सदस्य बना हूं। बहुत अनुशासन में रहता हूं। इससे पहले का आप मेरा इतिहास पता करें। जो अधिकारी काम नहीं करता था, उनको हम चूड़ियां और पेटीकोट पहनवा देते थे। किसी को बंधक बनाना मेरे लिए कोई बड़ी बात नहीं है। जब मैं विधायक नहीं था तो कांग्रेस सरकार में केंद्रीय मंत्री प्रदीप जैन को बंधक बनाया था। प्रदीप जैन को झांसी जाकर उनके घर में बंधक बना लिया था। उन्हें तो छोड़ा जब मेरी मांगे मानी गई। 

यहां देखें वीडियो

स्वतंत्र देव सिंह से भिड़ गए थे बृजभूषण राजपूत

अभी हाल में ही विधायक बृजभूषण राजपूत ने केबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए अपने सैकड़ो समर्थकों के उन्हें बीच सड़क पर रोक लिया था। इस बीच दोनों नेताओं के बीच बहस हुई थी। दोनो नेताओं के समर्थक भी एक-दूसरे के सामने आ गए थे। दरअसल विधायक ब्रजभूषण राजपूत का आरोप था कि उनके विधान सभा क्षेत्र में हर घर नल योजना के तहत किये गए कार्यो में बड़ी अनियमितताएं और काम में लापरवाही बरती गई है। जिससे ग्रामीण परेशान है। महोबा दौरे पर आए सूबे जल शक्ति मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह से शिकायतों के दौरान दोनों नेताओ के बीच सड़क पर तीखी बहस हुई थी। 

रिपोर्ट- शांतनु सोनी