1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. आगरा के फतेहाबाद से बीजेपी छोटे लाल वर्मा का निधन, सीएम योगी ने जताया शोक

आगरा के फतेहाबाद से बीजेपी छोटे लाल वर्मा का निधन, सीएम योगी ने जताया शोक

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने फतेहाबाद विधानसभा क्षेत्र से विधायक छोटे लाल वर्मा के निधन पर शोक जताया है।

विधायक छोटे लाल वर्मा - India TV Hindi
Image Source : X@MPPCHAUDHARY विधायक छोटे लाल वर्मा। फाइल फोटो

लखनऊः आगरा जिले के फतेहाबाद विधानसभा क्षेत्र से विधायक छोटे लाल वर्मा का निधन का निधन हो गया है। छोटे लाल वर्मा साल 2022 में बीजेपी के टिकट पर विधायक चुने गए थे। छोटे लाल पिछले कुछ समय से बीमार चल रहे थे। उनकी तबीयत ज्यादा बिगड़ने पर नोए़डा के अस्पताल में भर्ती करवाया गया।

बुखार आने पर बिगड़ी तबीयत

जानकारी के अनुसार, बीजेपी विधायक को दो दिन पहले बुखार होने की वजह से तबीयत बिगड़ने पर आगरा के राजपुर चुंगी स्थित एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। सुधार नहीं होने पर परिजन दिल्ली ले जा रहे थे। रास्ते में तबीयत बिगड़ने पर उन्हें नोएडा के एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया। जहां पर इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। 

सीएम योगी ने जताया शोक

प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विधायक के निधन पर शोक जताया है। सीएम योगी ने एक्स हैंडल पर कहा, आगरा के फतेहाबाद विधान सभा क्षेत्र के विधायक छोटे लाल वर्मा जी का निधन अत्यंत दुःखद है। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को सद्गति और शोकाकुल परिजनों को यह अथाह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।  

बीजेपी के कई नेताओं ने भी जताया शोक

वहीं, यूपी बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने भी विधायक के निधन पर दुख जाहिर किया है। एक्स हैंडल पर उन्होंने कहा कि आगरा के फतेहाबाद विधान सभा क्षेत्र से विधायक छोटेलाल वर्मा के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है। इस कठिन और पीड़ादायक समय में उनके परिजनों से बात कर अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं और उन्हें ढाढस बंधाया। अपनों को खोने का दुःख शब्दों में व्यक्त नहीं किया जा सकता। इस दुःख की घड़ी में भाजपा परिवार पूरी संवेदना के साथ शोकाकुल परिजनों के साथ खड़ा है। इनके अलावा नोएडा के विधायक पंकज सिंह और बीजेपी के कई नेताओं ने भी शोक जताया है। 

इससे पहले इसी महीने में बुलंदशहर की शिकारपुर विधानसभा क्षेत्र से विधायक अनिल शर्मा का निधन हो गया था। अनिल शर्मा का दिल्ली में कैंसर का इलाज चल रहा था। सीएम योगी ने विधायक के परिजनों से फोन पर बात कर दुख जताया था। 

ये भी पढ़ेंः ग्रेटर नोएडा में 25 से 29 सितंबर तक यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो का आयोजन, सीएम योगी और अमित शाह शुक्रवार को करेंगे उद्घाटन