1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. फतेहपुर में खूनी खेल, 24 घंटे के अंदर दूसरी वारदात, ट्यूबवेल पर सो रहे 65 साल के बुजुर्ग की हत्या

फतेहपुर में खूनी खेल, 24 घंटे के अंदर दूसरी वारदात, ट्यूबवेल पर सो रहे 65 साल के बुजुर्ग की हत्या

उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में 24 घंटे के भीतर हत्या की दूसरी सनसनीखेज वारदात सामने आई है। असोथर थाना क्षेत्र में ट्यूबवेल पर सो रहे 65 साल के बुजुर्ग की धारदार हथियार से गोदकर हत्या कर दी गई।

65-year-old man murdered in Fatehpur- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT फतेहपुर में 65 साल के बुजुर्ग की हत्या

उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में अपराधियों के हौसले पूरी तरह बुलंद नजर आ रहे हैं। महज़ 24 घंटे के भीतर हत्या की दूसरी बड़ी वारदात सामने आने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और लोग दहशत में हैं। ताजा मामला असोथर थाना क्षेत्र के सातौंभीत गांव के गड़रियन पुरवा का है।

चारपाई पर मिला खून से लथपथ शव

गांव के रहने वाले 65 वर्षीय सीताराम पाल शनिवार रात हमेशा की तरह अपने घर से करीब डेढ़ सौ मीटर दूर खेत पर बने ट्यूबवेल पर सोने गए थे। उन्होंने वहां एक छोटा सा फार्म बना रखा था और कुछ मुर्गियां भी पाल रखी थीं। रविवार सुबह जब वह करीब 11 बजे तक घर नहीं लौटे, तो परिवार के लोग और ग्रामीण उन्हें देखने के लिए ट्यूबवेल पर पहुंचे। वहां का नजारा देखकर सबके होश उड़ गए। सीताराम पाल का खून से लथपथ शव चारपाई पर पड़ा था और उनके शरीर पर धारदार हथियार से कई गहरे वार किए गए थे।

परिवार का रो-रोकर बुरा हाल, किसी से नहीं थी दुश्मनी

इस बेरहमी से हुई हत्या के बाद परिवार में कोहराम मच गया है और घर की महिलाओं का रो-रोकर बुरा हाल है। दुखी परिजनों का कहना है कि सीताराम पाल की किसी से कोई दुश्मनी या रंजिश नहीं थी। गांव में न तो किसी से कोई जमीन का विवाद था और न ही किसी से कोई लड़ाई-झगड़ा हुआ था। परिजनों का कहना है कि जब हमारी किसी से कोई दुश्मनी ही नहीं है, तो समझ नहीं आ रहा कि हम किस पर शक करें। बता दें कि बुजुर्ग की पत्नी का निधन चार साल पहले हो चुका है। उनके पांच बेटे और दो अविवाहित बेटियां हैं।

पुलिस बोली- केस दर्ज, खुलासे के लिए टीमें गठित

घटना की सूचना मिलते ही सीओ दुर्गेशदीप और असोथर थाने की पुलिस फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल की बारीकी से जांच कर साक्ष्य जुटाए और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फतेहपुर के पुलिस अधीक्षक (एसपी) अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि बुजुर्ग की हत्या के मामले में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस ने इस अंधी हत्या का जल्द से जल्द पर्दाफाश करने के लिए स्पेशल टीमों का गठन कर दिया है।

फतेहपुर से उमेश चंद्रा की रिपोर्ट

यह भी पढ़ें

अखिलेश यादव को ओमप्रकाश राजभर ने दी चुनौती, बोले- 'योगी से डरते हैं तो जहूराबाद में मुझसे लड़ लें'

यूपी के कांग्रेस मुख्यालय में चले जूते, आपस में भिड़े कार्यकर्ता; जमकर हुई गाली-गलौच और धक्का मुक्की; VIDEO देखें