देवरिया पहुंचे उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने विपक्षी दलों, खासकर समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। अपने दौरे के दौरान उन्होंने प्रदेश के विकास, अदालत के फैसलों और विपक्ष के आरोपों पर राज्य सरकार का रुख साफ किया।
सपा पर परिवारवाद और माफियाराज का आरोप
उपमुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि सपा नेतृत्व को प्रदेश की जनता से कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने कहा कि जब भी समाजवादी पार्टी को सत्ता में आने का मौका मिला, उन्होंने केवल अपने परिवार के भले की चिंता की। बृजेश पाठक ने आरोप लगाया कि सपा का मुख्य एजेंडा "वन डिस्ट्रिक्ट, वन माफिया" (हर जिले में माफिया) को बढ़ावा देना रहा है। उन्होंने दावा किया कि जनता इनके पुराने शासन, गुंडागर्दी और दंगों को याद करके आज भी सिहर उठती है, इसलिए वह उन्हें कभी माफ नहीं करेगी।
अदालत के आदेश पर प्रतिक्रिया
सहारनपुर में मस्जिद से जुड़े मामले में उप-जिलाधिकारी (SDM) द्वारा लगाए गए जुर्माने के आदेश को अदालत द्वारा रद्द किए जाने पर डिप्टी सीएम ने कानून के प्रति सम्मान जताया। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार न्यायपालिका का पूरा आदर करती है और कोर्ट के हर आदेश का नियमानुसार पालन किया जाएगा।
रैली रोकने के आरोपों का खंडन
बुलंदशहर में अखिलेश यादव का कार्यक्रम रोके जाने के दावों पर प्रतिक्रिया देते हुए डिप्टी सीएम बृजेश पाठक ने कहा कि समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष पूरी तरह से भ्रम में हैं। उन्होंने साफ किया कि सरकार या प्रशासन किसी को भी सभा करने से नहीं रोक रहा है। बृजेश पाठक के अनुसार, सपा नेता जमीन की हकीकत को समझने के बजाय सिर्फ झूठी बातें और अफवाहें फैला रहे हैं।
उत्तर प्रदेश रेवेन्यू सरप्लस' स्टेट बन चुका है- ब्रजेश पाठक
प्रदेश की वर्तमान स्थिति पर बात करते हुए डिप्टी सीएम ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश विकास के रास्ते पर काफी आगे निकल चुका है। राज्य अब एक 'रेवेन्यू सरप्लस' स्टेट बन चुका है और हर क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन कर रहा है। जहां एक तरफ सपा और कांग्रेस केवल तुष्टिकरण की राजनीति में उलझे हैं, वहीं भारतीय जनता पार्टी 'सबका साथ, सबका विकास' के मूल मंत्र पर काम करते हुए प्रदेश के हर नागरिक को साथ लेकर आगे बढ़ रही है। उन्होंने भरोसा जताया कि आगामी चुनावों में बीजेपी एक बार फिर भारी बहुमत के साथ सरकार बनाएगी।
देवरिया से विनोद की रिपोर्ट
यह भी पढ़ें
कार लोन वेरिफिकेशन से इनकार पर बेटी का हाईवोल्टेज ड्रामा, पिता और भाभी पर तानी पिस्टल
गोंडा में कारोबारी की हत्या मामले में SHO समेत 3 पुलिसकर्मी सस्पेंड, मंत्री संजय निषाद SP पर भड़के; वीडियो आया सामने