1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. 'उन्होंने बुलाया, इसलिए गया... 31 महीने बाद हुई मुलाकात,' सीएम योगी से मिलने पर बोले बृजभूषण सिंह-VIDEO

'उन्होंने बुलाया, इसलिए गया... 31 महीने बाद हुई मुलाकात,' सीएम योगी से मिलने पर बोले बृजभूषण सिंह-VIDEO

लखनऊ में सीएम योगी आदित्यनाथ के साथ बृजभूषण शरण सिंह की मुलाकत की सियासी गलियारों में काफी चर्चाएं हो रहीं थीं। इस मुकालाकत को लेकर बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि उन्होंने बुलाया, इसलिए वह सीएम योगी से मिलने के लिए गए।

बृजभूषण शरण सिंह- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT बृजभूषण शरण सिंह

उत्तर प्रदेश के कैसरगंज के पूर्व भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने सोमवार दोपहर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से उनके सरकारी आवास पर मुलाकात की थी। लंबे अंतराल के बाद हुई इस बैठक से राजनीतिक हलकों में अटकलें तेज हो गईं थीं।

सीएम योगी ने खुद उन्हें बुलाया

सीएम योगी के साथ बृजभूषण सिंह की मुलाकात को लेकर कई तरह के कयास लगाए जाने लगे। सीएम योगी के साथ मुलाकात को लेकर बृजभूषण शरण सिंह ने खुद चुप्पी तोड़ी है। उन्होंने कहा, सीएम योगी आदित्यनाथ ने उन्हें मिलने को बुलाया था। इसलिए वो गए थे।' 

नहीं हुई कोई सियासी बात

आज ब्रजभूषण शरण सिंह ने गोंडा में कहा, 'उन्होंने 31 महीने बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की लेकिन कोई सियासी बात नहीं हुई। बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि योगी आदित्यनाथ से उनके रिश्ते 56 साल पुराने हैं।

करीब आधे घंटे की हुई दोनों की मुलाकात

लखनऊ में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और पूर्व बीजेपी सांसद बृजभूषण शरण सिंह के बीच लगभग 31 महीने बाद मुलाकात हुई। यह मुलाकात सीएम के सरकारी आवास, 5 कालिदास मार्ग पर हुई। ये मुलाकात करीब 30 मिनट तक चली। दोनों नेताओं के बीच पहले तनावपूर्ण रिश्ते रहे हैं। बृजभूषण ने कई बार सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए और आलोचनात्मक बयान दिए थे। 

राजनीतिक गलियारों में तरह-तरह की चर्चाएं

वहीं, अब बृजभूषण सिंह ने इस मुलाकात को शिष्टाचार भेंट और निजी व भावनात्मक बताया है। हालांकि, राजनीतिक गलियारों में इसके कई गहरे सियासी मायने निकाले जा रहे हैं।

गोंडा से अमित का इनपुट