1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. बसपा नेता की गुंडई का वीडियो! पड़ोसी पर तानी पिस्टल, लोहे की रॉड से पीटा

बसपा नेता की गुंडई का वीडियो! पड़ोसी पर तानी पिस्टल, लोहे की रॉड से पीटा

बसपा नेता ने गुस्से में अपने पड़ोसी पर पिस्टल तान दी। उनके परिवार के अन्य लोगों ने उनसे छीनकर पिस्टल अंदर रखी। इसके बाद नेताजी ने लोहे की रॉड ली और गंदी गालियां देते हुए पड़ोसी पर हमला कर दिया।

BSP Leader- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT लोहे की रॉड के साथ बसपा नेता

उत्तर प्रदेश के आगरा में बसपा नेता की दबंगई का वीडियो सामने आया है। बसपा नेता हसीन खान का उनके पड़ोसी से किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया, जिसमें बसपा नेता ने लाइसेंसी पिस्टल निकाल ली। उनके परिवार वालों ने पिस्टल छीनी। इसके बाद हसीन ने लोहे के डंडे से पड़ोसी पर कई बार जान लेवा प्रहार किया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। घटना आगरा के कोतवाली इलाके की है। यहां गाड़ी खड़ी करने को लेकर विवाद शुरू हुआ, जिसमें बसपा नेता ने पहले पिस्टल तान दी फिर लोहे की रॉड से जानलेवा हमला कर दिया।

बसपा नेता अपने पड़ोसियों पर इस कदर नाराज था कि उसने अपनी लाइसेंसी पिस्टल बाहर निकाल ली। गाड़ी खड़ी करने को लेकर पड़ोसियों से हुए विवाद में नेताजी इस कदर गुस्से में आए की पड़ोसियों पर जानलेवा हमला कर दिया। पहले अपनी लाइसेंसी पिस्टल से पड़ोसियों को डराने की कोशिश की, लेकिन जब उन्हें पड़ोसियों ने रोक दिया तो वह घर से बेसबॉल का डंडा निकाल लाया और पड़ोसियों पर प्रहार शुरू कर दिए।

गुरुवार रात हुई घटना

कोतवाली निवासी समीर गुरुवार रात को घर के बाहर गाड़ी खड़ी कर रहे थे। तभी पड़ोस में रहने वाला बसपा नेता हसीन खान आ गया और गाली गलौज करने लगा। इसको लेकर विवाद हो गया। थोड़ी देर में वह घर से तमंचा निकाल लाया। उसने तमंचा तान दिया। आसपास के लोगों ने उसे रोकने का प्रयास किया। मगर, वो गाली गलौज करने लगा। इसके बाद भी उसका गुस्सा शांत नहीं हुआ तो वह घर से बेसबॉल का डंडा ले आया। 

जान से मारने की धमकी दी

आरोपी बसपा नेता मोहम्मद समीर और मोहम्मद शरीफ से मारपीट करने लगा। मारपीट में उनको काफी चोट आई हैं। लोगों ने आरोपी नेता को बहुत मुश्किल से रोका। आरोपी ने पीड़ितों को जान से मारने की धमकी दी है। पुलिस ने आरोपी बसपा नेता के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी भानु प्रताप सिंह ने बताया कि गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।

(आगरा से अंकुर कुमड़िया की रिपोर्ट)