A
  1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. ग्रेटर नोएडा में सांड ने मामा-भांजे को रौंदा, सामने आया खौफनाक VIDEO

ग्रेटर नोएडा में सांड ने मामा-भांजे को रौंदा, सामने आया खौफनाक VIDEO

ग्रेटर नोएडा में एक सांड ने युवक और उसके भांजे पर हमला कर दिया। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है।

सांड ने मामा-भांजे को रौंदा।- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT सांड ने मामा-भांजे को रौंदा।

ग्रेटर नोएडा में एक खौफनाक वीडियो सामने आया है, जिसे देखकर आपके भी होश उड़ जाएंगे। दरअसल, यहां एक सांड ने रोड पर परिवार के साथ गुजर रहे युवक पर हमला कर दिया। इस हादसे में युवक बुरी तरह से घायल हो गया है। इसके बाद आनन-फानन में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। वहीं उसके साथ घूम रहे बच्चे को भी चोट लगी है। घटना की वीडियो भी सामने आया है, जो पास में ही लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। वीडियो में साफ तौर पर सांड के द्वारा युवक और बच्चे पर हमला करते हुए देखा जा सकता है। 

परिवार के साथ घूमते समय किया हमला

बीटा वन सेक्टर के RWA महासचिव हरेंद्र भाटी ने बताया कि प्रथम चंद्रा बीटा वन सेक्टर के सी 289 में रहते हैं। वह शाम को अपनी बहन और 5 वर्षीय भांजे के साथ घूमने के लिए निकले। इसी दौरान उनके ऊपर गाय व सांडों ने हमला कर दिया। इस दौरान और भी लोग मौके पर थे, जो कि भागने लगे, लेकिन प्रथम चंद्रा और उसके साथ मौजूद बच्चे पर सांड टूट पड़ा। सांड ने दोनों को गिरा दिया। हालांकि वहां पर मौजूद लोगों ने किसी तरह से इन दोनों की जान बचाई और सांड को वहां से भगाया। हालांकि इस हमले में प्रथम चन्द्रा व उनका भांजा घायल हो गए। प्रथम चंद्रा को ज्यादा चोटें लगी हैं, जिन्हें ग्रेटर नोएडा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना का वीडियो आया सामने

इस हमले को लेकर सेक्टर के लोगों में काफी रोष है और इसी को लेकर RWA के पदाधिकारी ने सीईओ से कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने पत्र लिखकर कहा कि सेक्टर में बहुत ज्यादा भय बना हुआ है। सेक्टर में गोवंश एवं सांड बहुत ज्यादा घूम रहे हैं, जिनकी शिकायतें अथॉरिटी में निरंतर की जाती हैं। इसके बावजूद भी ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी आवारा पशुओं पर कार्रवाई नहीं करते। इसके अलावा सेक्टर बीटा वन में कुत्तों के द्वारा भी लोगों को काटने के मामले सामने आते रहे हैं। लगातार शिकायतों के बावजूद भी न कुत्तों को यहां से ले जाया जा रहा है और न गोवंशों को। (इनपुट- राहुल ठाकुर)