1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. ट्रॉनिका सिटी में अवैध प्लॉटिंग पर चला बुलडोजर, बिना नक्शे के काटी जा रही कॉलोनी ध्वस्त

ट्रॉनिका सिटी में अवैध प्लॉटिंग पर चला बुलडोजर, बिना नक्शे के काटी जा रही कॉलोनी ध्वस्त

गाजियाबाद के ट्रॉनिका सिटी में बिना अनुमति बसाई जा रही अवैध कॉलोनी पर मंगलवार को प्रशासन का बुलडोजर चला। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (GDA) और जिला प्रशासन की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए अवैध निर्माणों को ध्वस्त कर दिया।

JCB demolished the illegal building.- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT JCB ने ध्वस्त की अवैध बिल्डिंग

उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद के ट्रॉनिका सिटी क्षेत्र में बिना अनुमति के बसाई जा रही एक अवैध कॉलोनी पर मंगलवार को प्रशासन का बुलडोजर चला। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (GDA) और जिला प्रशासन की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर अवैध निर्माणों को ध्वस्त कर दिया। इस कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य शहर में बिना नक्शा पास कराए अवैध रूप से जमीनों पर की जा रही प्लॉटिंग को रोकना था।

बिना अनुमति के हो रहा था निर्माण कार्य

दरअसल, कुछ प्रॉपर्टी डीलर्स और कॉलोनाइजर किसानों से जमीनें लेकर उस पर बिना किसी सरकारी मंजूरी के अवैध प्लॉट काट रहे थे। प्राधिकरण से नक्शा पास कराए बिना ही यहाँ पक्की सड़कें, बाउंड्री वॉल और बिजली के खंभे गाड़ दिए गए थे। जब इस बात की शिकायत GDA को मिली, तो उन्होंने कॉलोनाइजरों को काम रोकने के लिए नोटिस जारी किया था। लेकिन नोटिस मिलने के बाद भी जब निर्माण कार्य नहीं रुका, तो प्रशासन को यह सख्त कदम उठाना पड़ा।

भारी पुलिस बल की मौजूदगी में चला बुलडोजर

मंगलवार की सुबह GDA के अधिकारी, जिला प्रशासन की टीम और भारी संख्या में पुलिस बल के साथ ट्रॉनिका सिटी से सटे इस इलाके में पहुंचे। टीम ने आते ही जेसीबी और बुलडोजर की मदद से कई बीघा जमीन में फैली इस पूरी अवैध कॉलोनी की बाउंड्री वॉल और सड़कों को तोड़ दिया। कार्रवाई के दौरान किसी भी अप्रिय घटना या विरोध से निपटने के लिए इलाके में पुलिस बल तैनात रहा।

अवैध कॉलोनियों पर जारी रहेगा अभियान

कार्रवाई के बाद अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि ट्रॉनिका सिटी और आसपास के क्षेत्रों में अवैध निर्माण के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा। किसी भी व्यक्ति को नियम तोड़कर शहर का ढांचा बिगाड़ने की इजाजत नहीं दी जाएगी। भविष्य में भी ऐसी कॉलोनियों को चिन्हित कर उनके खिलाफ कड़ा रुख अपनाया जाएगा।

आम जनता के लिए प्रशासन की अपील

प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अपनी मेहनत की कमाई लगाने से पहले पूरी सावधानी बरतें। किसी भी अवैध कॉलोनी में प्लॉट खरीदने से पहले यह अच्छी तरह जांच लें कि वह क्षेत्र GDA से मंजूर है या नहीं। यदि कोई कॉलोनाइजर बिना पास नक्शे के जमीन बेच रहा है, तो उसमें निवेश न करें, वरना बाद में बड़ी आर्थिक क्षति झेलनी पड़ सकती है।

गाजियाबाद से जुबैर अख्तर की रिपोर्ट

यह भी पढ़ें

पुलिस और एसओजी ने नकली नोटों के साथ तीन को पकड़ा, 2,54,900 रुपये के नोट बराबद

ऊपर और नीचे असली नोट, गड्डी के बीच में कागज की कटिंग, मेरठ में फेक करेंसी का खेल, 5 गिरफ्तार