A
  1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. झांसी में सरकारी भूमि पर बनी मजार पर चला बुलडोजर, प्रशासन ने खाली कराया अतिक्रमण

झांसी में सरकारी भूमि पर बनी मजार पर चला बुलडोजर, प्रशासन ने खाली कराया अतिक्रमण

झांसी में प्रशासन ने एक अवैध मजार के खिलाफ बुलडोजर एक्शन लिया है। जानकारी के मुताबिक मजार अवैध तरीके से सरकारी जमीन पर बनाई गई थी। इस दौरान भारी पुलिस बल तैनात रहा।

सरकारी जमीन पर बनी मजार पर चला बुलडोजर।- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT सरकारी जमीन पर बनी मजार पर चला बुलडोजर।

झांसी: जिले के नवाबाद थाना क्षेत्र में बनी एक मजार पर बुलडोजर एक्शन का मामला सामने आया है। यहां उस वक्त हड़कंप मच गया, जब मुक्ता काशी मंच के पास सरकारी जमीन पर बने हजरत इमरती शाह बाबा के मजार पर प्रशासन ने बुलडोजर चला दिया। बताया जा रहा है कि यह मजार अवैध रूप से सरकारी भूमि पर बनाई गई थी। मजार को हटाने के लिए झांसी विकास प्राधिकरण की टीम ने कार्रवाई शुरू की। करीब दो घंटे की कार्रवाई के बाद प्रशासन ने भूमि को कब्जा मुक्त करा लिया है। वहीं हालात को ध्यान में रखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल भी तैनात किया गया था। 

भारी पुलिस बल रहा तैनात

जानकारी के मुताबिक मंगलवार सुबह से ही प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंच गया था। इसके बाद जेसीबी मशीन बुलाई गई और मशीन की मदद से अवैध रूप से बनी मजार को तोड़ने की कार्रवाई की गई। इस दौरान किसी भी तरह की अव्यवस्था या विरोध को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया। सिटी मजिस्ट्रेट और सीओ सिटी खुद मौके पर मौजूद रहे और पूरे ऑपरेशन की निगरानी करते नजर आए। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर इलाके को पूरी तरह से घेर लिया और आम लोगों के अंदर जाने पर रोक लगा दी गई थी। 

अतिक्रमण मुक्त कराई गई सरकारी जमीन

अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई सरकारी जमीन को अतिक्रमण से मुक्त कराने के तहत की जा रही है। फिलहाल मौके पर स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में बताई जा रही है। हालांकि इस कार्रवाई को लेकर इलाके में चर्चाओं का माहौल बना हुआ है। वहीं झांसी विकास प्राधिकरण विभाग के एक्सईएन राजकुमार ने बताया कि यह विकास प्राधिकरण की जमीन है और इस पर अवैध अतिक्रमण था। इन्हें अतिक्रमण हटाने के लिए नोटिस भी दिया गया था। इन लोगों ने कुछ अतिक्रमण अपने आप हटा लिया था लेकिन कुछ अतिक्रमण बना हुआ था, जिसको आज मुक्त कराया गया है। (इनपुट- आकाश राठौड़)

यह भी पढ़ें-

'डॉ अंबेडकर मूर्ति विकास योजना' लेकर आई योगी सरकार, हर विधानसभा को मिलेंगे 1 करोड़ रुपये; जानें क्या-क्या होंगे काम?