उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में एक युवक ने घर के बाहर खड़ी बाइकों पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो क्रॉसिंग रिपब्लिक थाना क्षेत्र के कमला हॉल के पास का बताया जा रहा है। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि एक शख्स मुंह को कपड़े से ढंके हुए आता है। बोतल से ज्वलनशील पदार्थ गली में खड़ी कई बाइकों पर छिड़क देता है। इसके बाद जेब से माचिस निकालकर आग लगा देता है।
इस मामले में पुलिस का कहना है कि अभी पीड़ित पक्ष की और से कोई शिकायत नहीं दी गई है। पीड़ित पक्ष को थाने पर बुलाया गया है। मामले में तहरीर मिलने पर संवैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
चोरी पकड़ी जाने से नाराज थे आरोपी
आरोपी पेट्रोल चुराते हुए रंगे हाथ पकड़े गए थे। वह शिकायत करने वाले व्यक्ति से नाराज थे। इस वजह से घर के बाहर खड़ी गाड़ियों में आग लगा दी। मामला क्रॉसिंग रिपब्लिक थाना क्षेत्र के कृष्णा नगर का है। रात में पेट्रोल चुराते रंगे हाथ पकड़े गए चोरों को पुलिस के हवाले करने के कुछ ही घंटे बाद, नकाबपोश बदमाशों ने पीड़ित के घर के बाहर खड़ी तीन बाइकों पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। इस आगजनी में तीनों बाईक पूरी तरह जलकर खाक हो गई हैं, जबकि कमरे में सो रहे दो युवक धुएं के कारण दम घुटने से बेहोश हो गए।
पेट्रोल पंप के पास रहता है पीड़ित
मूल रूप से छिजारसी (सेक्टर-63) निवासी पीड़ित विनय कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह वर्तमान में एचपी पेट्रोल पंप के पास कृष्णा नगर (बागू) में अपने साथियों (कपिल, निक्की, हर्ष, सौरव और विवेक) के साथ रहते हैं। शनिवार रात करीब 12:10 बजे दो चोर उनकी बाइक से पेट्रोल निकाल रहे थे, जिन्हें सीसीटीवी कैमरे में देखकर विनय ने तुरंत 112 नंबर पर सूचना दी और मौके पर पहुंची पुलिस के हवाले कर दिया।
सूझबूझ से बची जान
आरोप है कि इसी रंजिश में सुबह करीब 3:20 बजे बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाश कपड़े से मुंह ढककर आए। उन्होंने मकान के बाहर खड़ी तीन बाइकों पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। देखते ही देखते आग की लपटें और जहरीला धुआं कमरे में फैल गया, जिससे अंदर सो रहे विवेक और निक्की बेहोश हो गए। धुआं उठता देख विनय की आंख खुली तो उन्होंने तुरंत अपने अन्य साथियों को जगाया और सूझबूझ दिखाते हुए फायर एक्सटिंग्विशर का इस्तेमाल किया। इसके बाद पड़ोस की छत पर जाकर शोर मचाया, जिसके बाद दौड़े पड़ोसियों ने समरसेबल पंप चलाकर आग पर काबू पाया। पीड़ित ने क्रॉसिंग रिपब्लिक थाना अध्यक्ष को लिखित तहरीर देकर मामले में जानलेवा हमले और आगजनी की धाराओं में सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
(गाजियाबाद से जुबैर अख्तर की रिपोर्ट)
यह भी पढ़ें-
महिला ने 6 साल बाद पड़ोसी के खिलाफ दर्ज कराया रेप का मामला, पीड़िता ने शादी के बाद पति को सुनाई आपबीती
अब वाराणसी से बाहर शिफ्ट की जाएंगी मीट, मांस और मछली की दुकानें, पार्षद गुलशन अली ने की थी मांग