1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. जिस मसूद गाजी को योगी ने बताया आक्रांता, उसी की मजार पर BJP अल्पसंख्यक मोर्चा के अध्यक्ष ने चढ़ाई चादर

जिस मसूद गाजी को योगी ने बताया आक्रांता, उसी की मजार पर BJP अल्पसंख्यक मोर्चा के अध्यक्ष ने चढ़ाई चादर

मसूद गाजी की दरगाह पर चादर चढ़ाने के बाद जमाल सिद्दिकी ने कहा कि वह हमेशा से ही मानते रहे हैं कि वह प्रभु श्रीराम के वंशज हैं और उन्हें इस बात पर गर्व है।

Jamal Siddqui- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV जमाल सिद्दिकी

भारतीय जनता पार्टी अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जमाल सिद्दिकी ने मसूद गाजी की दरगाह पर चादर चढ़ाई है। चादर चढ़ाने के बाद उन्होंने कहा कि वह प्रभु श्रीराम के वंशज हैं और उन्हें इस बात पर गर्व है। हालांकि, जिस मसूद गाजी की दरगाह पर उन्होंने चादर चढ़ाई है, उसी मसूद गाजी को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ विदेशी आक्रांता बता चुके हैं। इसके साथ ही योगी ने कहा था कि विदेशी आक्रांताओं का महिमा मंडन कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। हालांकि, अब उन्हीं की पार्टी के नेता ने दरगाह पर चादर चढ़ाई है। 

जमाल सिद्दीकी जनपद बहराइच में स्थित गाजी की दरगाह पर पहुंचे। यहां उन्होंने चादर चढ़ाई और जियारत किया। उन्होंने कहा "मैं जब छह महीने का था, तब से अपने माता पिता के साथ यहां माथा टेकने के लिये आ रहा हूं। गाजी मियां बहुत बड़े सूफी बुजुर्ग हैं।

मदरसों पर कार्रवाई को लेकर क्या बोले

मदरसों पर हो रही कार्रवाई पर जमाल सिद्दकी ने कहा कि कार्रवाई सिर्फ उन मदरसों के खिलाफ की जा रही है, जो चंदा लेकर मदरसे चला रहे हैं। जहां बच्चों का भविष्य खराब हो रहा है, वहीं पर कार्रवाई की जा रही है। जमाल सिद्दीकी ने खुद को श्रीराम का वंशज बताते हुए कहा कि धरती पर पहले सनातन धर्म था। इसके बाद इस्लाम आया। इसका मतलब है कि हम सभी सनातन के बाद इस्लाम धर्म अपनाए हैं। उन्होंने ये भी कहा कि पहले सनातन था, पहले हिन्दू धर्म था तो इस्लाम बाद में अपनाया गया। इससे सभी श्री राम के वंशज हुए।  जम्मू कश्मीर के नेता रणवीर सिंह पठानिया द्वारा दिये गए आपरेशन सिंदूर के एक विवादित बयान के खिलाफ जमाल सिद्दीकी ने कहा कि उनके बयान की निंदा करता हूं, वो भांग पीकर बयान दिए होंगे।

श्री राम का वंशन होने पर गर्व है

भारतीय जनता पार्टी अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जमाल सिद्दिकी ने कहा कि वह हमेशा से ही यह कहते आ रहे हैं कि वह प्रभु श्री राम के वंशज हैं और उन्हें इस बात पर गर्व है। यूपी प्रशासन ने कुछ समय पहले ही मसूद गाजी के नाम पर लगने वाले बहराइच मेले के आयोजन के अनुमति नहीं दी थी।

(बहराइच से बच्चे भारती की रिपोर्ट)