1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. CM योगी के जनता दरबार में जहर खाकर पहुंचा शख्स, मचा हड़कंप, अस्पताल में भर्ती कराया गया

CM योगी के जनता दरबार में जहर खाकर पहुंचा शख्स, मचा हड़कंप, अस्पताल में भर्ती कराया गया

सीएम योगी के जनता दरबार में उस समय हड़कंप मच गया जब गाजियाबाद का एक शख्स वहां जहर खाकर पहुंच गया। आनन फानन में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया ।

Janta darbar- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT जनता दरबार में जहर खाकर पहुंचा शख्स

लखनऊ: एक तरफ जहां दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता की सुरक्षा का मामला गरमाया हुआ है तो वहीं लखनऊ में सीएम योगी के जनता दरबार से हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां जनता दरबार में गाजियाबाद का एक शख्स जहर खाकर पहुंच गया। इस शख्स का नाम सतबीर गुर्जर बताया जा रहा है। इस शख्स की उम्र 65 साल है और वह लोनी के सिरौली गांव का रहने वाला है।

जहर खानेवाला शख्स रिटायर्ड फौजी

सिक्योरिटी स्टाफ के मुताबिक आरोपी शख्स रिटायर्ड फौजी है। जैसे ही जनता दरबार में मौजूद अधिकारियों और सुरक्षाकर्मियों को इस बात भनक लगी कि सतबीर जहर खाकर वहां पहुंचा है, तुरंत सरकारी अमला एक्टिव हो गया। सतबीर को तुरंत सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सतबीर की हालत नियंत्रण में बताई जा रही है।

सुबह 8.50 की घटना

लखनऊ पुलिस की ओर से जारी एक बयान के मुताबिक घटना सुबह लगभग आठ बजकर 50 मिनट पर हुई। बयान में कहा गया है कि सतवीर गुर्जर (65) नामक व्यक्ति 'जनता दरबार' में पहुंचा और वहां मौजूद लोगों को बताया कि उसने जहर खा लिया है। बयान के अनुसार यह पता चलने के बाद वहां मौजूद अधिकारियों व सुरक्षाकर्मियों ने उसे एम्बुलेंस से सिविल अस्पताल पहुंचवाया। बयान के मुताबिक चिकित्सकों का कहना है कि गुर्जर की हालत अब स्थिर है। बयान में कहा गया है कि गुर्जर ने यह कदम क्यों उठाया, इस बारे में अभी पुष्ट जानकारी नहीं मिल सकी है।