A
  1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. 'दलित बच्ची के साथ रेप की घटना इतना बड़ा मामला नहीं...' सपा सांसद रामजीलाल सुमन का विवादित बयान-VIDEO

'दलित बच्ची के साथ रेप की घटना इतना बड़ा मामला नहीं...' सपा सांसद रामजीलाल सुमन का विवादित बयान-VIDEO

आगरा में 12 साल की दलित बच्ची के साथ हुई रेप की घटना पर समाजवादी पार्टी के राज्यसभा सांसद रामजीलाल सुमन का विवादित बयान सामने आया है। इस पर अब बीजेपी के नेताओं ने उन पर निशाना साधा है।

सपा सांसद रामजीलाल सुमन- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV सपा सांसद रामजीलाल सुमन

आगरा में समाजवादी पार्टी से राज्यसभा सांसद रामजीलाल सुमन ने दलित बच्ची के साथ हुए रेप के मामले में विवादित बयान दिया है। सपा सांसद रामजीलाल सुमन ने हाल ही में एक दलित बच्ची के साथ हुई रेप की घटना को बड़ा मामला नहीं बताया है। राज्यसभा सांसद ने कहा, 'यहां अखिलेश यादव आएं। ये इतना बड़ा मामला नहीं है।' 

पीड़ित परिवार से मिलने गए थे सांसद जी

बीते दिनों थाना खेरागढ़ क्षेत्र में 12 साल की दलित बच्ची के साथ रेप हुआ था। इसके बाद पुलिस अब आरोपी की गिरफ्तारी में जुटी हुई है। इस बीच पीड़ित परिवार से राज्यसभा सांसद रामजीलाल सुमन ने अपने कार्यकर्ताओं के साथ मुलाकात भी की।

ये इतना बड़ा मामला नहीं कि अखिलेश यादव आएं- सांसद

इस दौरान उन्होंने कहा, 'यह इतना बड़ा मामला नहीं है कि अखिलेश यादव यहां पर आए। हम अपने कार्यकर्ताओं के साथ आएं हैं।' सपा से राज्यसभा सांसद ने पीड़ित परिवार को हर संभव मदद देने का भरोसा भी दिलाया है। 

दलित बच्ची को घर से उठा ले गया था दरिंदा

बता दें कि पिछले दिनों आगरा में एक नाबालिग दलित बच्‍ची के साथ रेप का मामला सामने आया था। एक शख्‍स 12 साल की बच्‍ची को रात में घर से उठाकर ले गया और सुनसान जगह पर ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। इसके बाद से इस घटना को लेकर आगरा के लोगों में आक्रोश का महौल है। दुष्कर्म के आरोपी को सख्त सजा दिलाए जाने की मांग उठ रही है।

बीजेपी ने सपा सांसद पर साधा निशाना

सपा सांसद के विवादित बयान पर बीजेपी नेताओं ने भी प्रतिक्रिया दी है। योगी सरकार के मंत्री असीम अरुण ने रामजीलाल सुमन के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि सपा ने सिर्फ दलितों पर अत्याचार किया है, तभी उन्हें यह घटना छोटी लग रही है। 

 

रिपोर्ट- अंकुर कुमाड़िया