A
  1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. क्रिकेटर रिंकू सिंह की फेसबुक आईडी हैक, साइबर ठगों ने मोनेटाइजेशन से आने वाले पैसे भी ट्रांसफर किए, अलीगढ़ में FIR दर्ज

क्रिकेटर रिंकू सिंह की फेसबुक आईडी हैक, साइबर ठगों ने मोनेटाइजेशन से आने वाले पैसे भी ट्रांसफर किए, अलीगढ़ में FIR दर्ज

क्रिकेटर रिंकू सिंह की फेसबुक आईडी साइबर ठगों ने हैक कर ली है। हैकर्स ने रिंकू सिंह की आईडी बदलकर मोनेटाइजेशन से आने वाले पैसे भी अपने खाते में ट्रांसफर कर लिए हैं।

क्रिकेटर रिंकू सिंह - India TV Hindi
Image Source : PTI क्रिकेटर रिंकू सिंह। फाइल

अलीगढ़: क्रिकेटर रिंकू सिंह साइबर फ्रॉड का शिकार हो गए हैं, उनका ऑफिशियल फेसबुक अकाउंट हैक हो गया है। हैकर्स ने न सिर्फ अकाउंट पर कंट्रोल किया, बल्कि उसकी मोनेटाइजेशन से होने वाली कमाई भी अपने अकाउंट में ट्रांसफर कर ली। रिंकू के भाई सोनू सिंह ने मामले की शिकायत अलीगढ़ के एसएसपी से की है।  

रिंकू सिंह के भाई ने दर्ज कराई शिकायत

शिकायत के बाद साइबर थाना में अज्ञात हैकर्स के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और साइबर टीम को हैकर्स का पता लगाने और अकाउंट रिकवर करने के निर्देश दिए गए हैं। रिंकू सिंह की पैरवी उनके भाई सोनू सिंह कर रहे हैं। 

रिंकू सिंह ने शिकायत में क्या कहा

रिंकू सिंह की तरफ से दी गई शिकायत में कहा गया है कि प्रार्थी भारतीय क्रिकेट टीम का वर्तमान में सदस्य है। फेसबुक जिस पर 1.6 मिनियम फलोअर है। जिसका एक्सेस वर्तमान में मेरे पास नहीं और ना ही मैं उस आईडी को वर्तमान समय में उपयोग कर रहा हूं। ये आईडी मेरे ही नाम से कोई अन्य व्यक्ति उपयोग कर रहा है। जो मेरे फ़ॉलोअर्स से व्यू से जो पैसा मिलता था वो किसी और के खाते में जा रहा है। किकेट मैच में अधिक व्यस्त होने के कारण मैं कभी अपनी फेसबुक आईडी की तरफ ध्यान नहीं दे पाया। परन्तु अभी कुछ समय पूर्व मेरे द्वारा उस आईडी को खोलने का प्रयास किया गया। परन्तु आईडी एक्सेस व पासवर्ड गलत बता रहा था। जब उस पर कई बार मेरे फोटो/वीडियो अपने आप अपलोड होने लगे तब मुझे पता चला कि मेरी फेसबुक आईडी किसी ने हैक कर ली है।

फेसबुक अकाउंट कैसे हैक हुआ?

ओज़ोन सिटी गोल्ड स्टेट के रहने वाले रिंकू सिंह के भाई सोनू सिंह ने बताया कि रिंकू साउथ अफ्रीका के खिलाफ T20 वर्ल्ड कप वार्म-अप मैच से लौटने के बाद फिलहाल मुंबई में हैं। जब रिंकू ने 4 फरवरी को अपने फेसबुक अकाउंट को एक्सेस करने की कोशिश की, तो उन्हें पता चला कि रजिस्टर्ड ईमेल आईडी बदल दी गई है। अकाउंट इस्तेमाल न करने के बावजूद, फोटो और वीडियो अपलोड किए जा रहे थे, जिससे शक हुआ। पहले अकाउंट ईमेल आईडी (rinkukumar344.8.7) से जुड़ा था, लेकिन अब इसे दूसरी ईमेल आईडी (commercial.rinkukumar) से ऑपरेट किया जा रहा है। इससे यह कन्फर्म हो गया कि अकाउंट हैकर्स ने अपने कब्ज़े में ले लिया है।फेसबुक पेज के लगभग 1.6 मिलियन फॉलोअर्स हैं और यह मोनेटाइज्ड है, जिससे अच्छी-खासी इनकम होती है। सोनू ने बताया कि यह इनकम अब सीधे हैकर्स के अकाउंट में ट्रांसफर हो रही है।

रिपोर्ट- प्रदीप, अलीगढ़