1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. ‘पाकिस्तान को दुश्मन माने देश का हर नागरिक’, फारूक अब्दुल्ला के बयान पर भड़के UP के मंत्री दानिश आजाद अंसारी

‘पाकिस्तान को दुश्मन माने देश का हर नागरिक’, फारूक अब्दुल्ला के बयान पर भड़के UP के मंत्री दानिश आजाद अंसारी

उत्तर प्रदेश के अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री दानिश आजाद अंसारी ने फारूक अब्दुल्ला के पाकिस्तान से जुड़े बयान पर नाराजगी जताते हुए कहा कि देश के हर नागरिक को पाकिस्तान को दुश्मन मानना चाहिए।

Danish Ajad- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT दानिश आजाद अंसारी

उत्तर प्रदेश के अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री दानिश आजाद अंसारी ने पाकिस्तान और देश से जुड़े मुद्दों पर बयान देकर राजनीतिक बहस को तेज कर दिया है। जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला के पाकिस्तान को लेकर दिए गए बयान और दिल्ली के जामिया कॉलेज में कथित तौर पर लिखे गए आपत्तिजनक नारों पर प्रतिक्रिया देते हुए मंत्री ने कहा कि देश के हर नागरिक को पाकिस्तान को भारत का दुश्मन मानना चाहिए। उन्होंने पाकिस्तान के प्रति किसी भी तरह की सहानुभूति दिखाने का विरोध किया और देश के खिलाफ गतिविधियों में शामिल लोगों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।

बलिया में मीडिया से बातचीत के दौरान दानिश आजाद अंसारी ने फारूक अब्दुल्ला के उस बयान की आलोचना की, जिसमें पाकिस्तान को कश्मीरियों की रक्षा करने वाला बताया गया था। मंत्री ने कहा कि पाकिस्तान ने हमेशा भारत के खिलाफ साजिश रचने और देश को कमजोर करने की कोशिश की है। ऐसे में उसके पक्ष में खड़ा होना या उसकी हिमायत करना गलत है। उन्होंने कहा कि भारत के प्रत्येक नागरिक को देश की एकता और अखंडता को सर्वोपरि रखना चाहिए। मंत्री के मुताबिक, पाकिस्तान के प्रति सहानुभूति जताने के बजाय देशहित को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। उन्होंने फारूक अब्दुल्ला के बयान पर अपनी असहमति जाहिर करते हुए इसकी निंदा की।

जामिया कॉलेज के नारों की जांच की मांग

दिल्ली के जामिया कॉलेज में कथित तौर पर लिखे गए आपत्तिजनक नारों को लेकर भी मंत्री ने अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि देश की एकता और अखंडता बनाए रखना हर नागरिक और छात्र की जिम्मेदारी है। राजनीतिक विचारधाराएं अलग-अलग हो सकती हैं, लेकिन देश सभी का है और उसकी गरिमा का सम्मान किया जाना चाहिए।

दानिश आजाद अंसारी ने कहा कि जामिया कॉलेज में जो कुछ भी हुआ, उसकी जांच होनी चाहिए। यह भी पता लगाया जाना चाहिए कि आपत्तिजनक नारे लिखने के पीछे कौन लोग हैं और उन्हें बढ़ावा देने में किसकी भूमिका है। उन्होंने कहा कि जांच में दोषी पाए जाने वाले लोगों को चिह्नित कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। मंत्री ने आगे कहा कि देश में कहीं भी राष्ट्रविरोधी गतिविधियां होती हैं तो संबंधित एजेंसियों को कानून के मुताबिक कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने जोर दिया कि ऐसी घटनाओं को बढ़ावा देने वालों की भूमिका की भी जांच होनी चाहिए।

PM मोदी के पिता पर बयान को लेकर खड़गे मांगे माफी

इस दौरान मंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पिता को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के बयान पर भी प्रतिक्रिया दी। दानिश आजाद अंसारी ने खड़गे से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से माफी मांगने की मांग की। मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के पिता को लेकर की गई टिप्पणी के लिए कांग्रेस अध्यक्ष को माफी मांगनी चाहिए।

(रिपोर्ट: अमित कुमार)

यह भी पढ़ें:

यूपी में भाजपा ने की अब तक की सबसे बड़ी कार्यसमिति की घोषणा, PM मोदी समेत किन नेताओं को मिली जगह? देखें पूरी लिस्ट

सीएम योगी ने लिखी पाती, कहा- 'वाल्मीकि जयंती पर सार्वजनिक अवकाश महर्षि वाल्मीकि के प्रति सम्मान का प्रतीक'