उत्तर प्रदेश के कानपुर के बर्रा थाना क्षेत्र के दामोदर नगर में कोचिंग संस्थान के बोर्ड की आड़ में कथित तौर पर संचालित किए जा रहे 'डेविल हुक्का बार' पर क्राइम ब्रांच टीम ने छापा मारा है। पुलिस के मुताबिक, रिहायशी इलाके में कोचिंग सेंटर के बोर्ड का इस्तेमाल कर उसकी आड़ में अंदर हुक्का बार संचालित किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना की पुष्टि के लिए क्राइम ब्रांच की टीम ग्राहक बनकर मौके पर पहुंची। अंदर गतिविधियों की पुष्टि होने के बाद टीम ने छापेमारी कर परिसर की तलाशी ली।
कार्रवाई एडीसीपी सुमित सुधाकर रामटेके के नेतृत्व में की गई। पुलिस के अचानक एक्शन से मौके पर हड़कंप मच गया। टीम ने परिसर से अलग-अलग प्रकार के हुक्के और चिलम समेत कई फ्लेवर तथा पुलिस के मुताबिक प्रतिबंधित नशीली सामग्री बरामद की है। इसके अलावा कुछ इलेक्ट्रॉनिक और अन्य संदिग्ध उपकरण भी पुलिस ने कब्जे में लिए हैं।
पहले सूचना जुटाई, फिर ग्राहक बनकर पहुंची टीम
पुलिस को जानकारी मिली थी कि दामोदर नगर के रिहायशी इलाके में कोचिंग संस्थान के नाम की आड़ में युवाओं को हुक्का और नशीले पदार्थ उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इसके बाद क्राइम ब्रांच ने पहले मौके की जानकारी जुटाई। पुलिसकर्मी ग्राहक बनकर अंदर पहुंचे और वहां की गतिविधियों को देखा। जब सूचना सही पाई गई तो टीम ने बाहर मौजूद अन्य पुलिसकर्मियों को संकेत देकर परिसर को घेर लिया और छापेमारी शुरू कर दी।
हुक्के, चिलम और फ्लेवर समेत सामान जब्त
तलाशी के दौरान पुलिस ने कई हुक्के और चिलम बरामद किए। मौके से अलग-अलग फ्लेवर और पुलिस द्वारा प्रतिबंधित बताए जा रहे नशीले पदार्थ भी मिले। पुलिस ने बरामद सामान को कब्जे में लेकर उसकी जांच शुरू कर दी है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि यहां आने वाले लोगों को किस तरह की सामग्री उपलब्ध कराई जाती थी और इसके पीछे कोई बड़ा सप्लाई नेटवर्क तो सक्रिय नहीं था।
रिहायशी इलाके में कोचिंग की आड़ पर उठे सवाल
दामोदर नगर में घनी आबादी के बीच इस तरह की गतिविधि सामने आने के बाद पुलिस अब संचालकों की भूमिका की जांच कर रही है। खास तौर पर यह पता लगाया जा रहा है कि परिसर का इस्तेमाल वास्तव में कोचिंग के लिए होता था या फिर कोचिंग के बोर्ड की आड़ में हुक्का बार चलाया जा रहा था। पुलिस बार संचालकों के अलावा इससे जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाल रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शहर में अवैध नशे के कारोबार और युवाओं को नशे की ओर धकेलने वाली गतिविधियों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। बर्रा क्षेत्र में हुई इस कार्रवाई के बाद अब पुलिस यह भी जांच कर रही है कि हुक्का बार कब से संचालित हो रहा था और यहां तक नशीली सामग्री कहां से पहुंचती थी।
कानपुर से अनुराग श्रीवास्तव की रिपोर्ट
यह भी पढ़ें
कार लोन वेरिफिकेशन से इनकार पर बेटी का हाईवोल्टेज ड्रामा, पिता और भाभी पर तानी पिस्टल
कानपुर विकास प्राधिकरण में भ्रष्टाचार को लेकर हुई कार्रवाई, तीन कर्मचारियों पर गिरी गाज; एक को किया गया बर्खास्त