उत्तर प्रदेश में आज चुनाव आयोग ने स्पेशल कैंप लगाए हैं जिससे कोई भी पात्र वोटर छूट ना जाये। पूरे यूपी में एक लाख 77 हजार BLO आज इन स्पेशल कैंप में बैठें हैं। जो अभी तक मतदाता नहीं बने है या जो फर्स्ट टाइम वोटर हैं वो यहां आकर फॉर्म छह भरकर वोटर बन सकते हैं। इसके लिए उत्तर प्रदेश के सभी जिलों में विशेष कैंप लगाए गए हैं। जानकारी के अनुसार, सभी बूथ-स्तरीय अधिकारी (BLO) सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक अपने निर्धारित मतदान केंद्रों पर मौजूद रहेंगे। उनके पास ASD (अनुपस्थित, स्थानांतरित या मृत) और 'नो-मैपिंग' वाली मतदाता सूचियां होंगी। शिविर के दौरान वे फॉर्म 6, 6A, 7 और 8 स्वीकार करेंगे।
यूपी में चुनाव आयोग एक बार फिर 2.89 करोड़ ऐसे वोटर की जांच करने के कोशिश में है जिनका नाम SIR शुरू होने के पहले वोटर लिस्ट में था लेकिन SIR की फाइनल लिस्ट में इनका नाम नहीं है। चुनाव आयोग ने इन्हें ASDD यानि ऐब्सेंट,शिफ्टेड, डेड या डुप्लीकेट वोटर मानते हुए SIR की फाइनल ड्राफ्ट लिस्ट से नाम काट दिया था। अब पहली बार वोटर बनने वालों के साथ साथ इन 2.89 करोड़ के तलाश में अभियान चलाया जा रहा है।
सवा करोड़ लोग अभी तक नहीं बन पाए हैं वोटर
आंकड़ों के मुताबिक, अभी करीब सवा करोड़ लोग ऐसे है जो किसी वजह से वोटर नहीं बने हैं। नौ लाख महिलाएं ऐसी है जो शादी होकर आई हैं। मायके में उनका नाम कट गया है लेकिन ससुराल में नही जुड़ा है। इसके अलावा जिन लोगों के नाम में कुछ गलतियां हैं उसे भी सुधरवाया जा सकता है।
ऑनलाइन भी जमा कर सकते हैं फॉर्म
नागरिकों से अपील की गई है कि वे शनिवार को अपने निर्धारित मतदान केंद्रों पर जाकर मतदाता सूची में अपना नाम जांच लें। जिन लोगों की उम्र 18 वर्ष पूरी हो चुकी है या जो जल्द ही 18 वर्ष के होने वाले हैं, और जिनका नाम अभी तक मतदाता सूची में नहीं है, वे अपने मतदान केंद्र पर जाकर BLO को आवश्यक दस्तावेजों के साथ संबंधित फॉर्म जमा कर सकते हैं। पात्र नागरिक नए मतदाता पंजीकरण के लिए फॉर्म 6, मतदाता सूची से नाम हटवाने के लिए फॉर्म 7, और विवरण में सुधार या नाम स्थानांतरित करने के लिए फॉर्म 8 जमा कर सकते हैं। मतदाता चाहें तो फॉर्म 6, 7 और 8 को ऑनलाइन भी जमा कर सकते हैं। इसके लिए वे 'ECINET' मोबाइल ऐप का उपयोग कर सकते हैं या https://voters.eci.gov.in पर जा सकते हैं।
बीजेपी और सपा ने कसी कसर
बीजेपी और सपा ने अपने बीएलए को टारगेट देकर नाम जुड़वाने के लिए कहा है। अखिलेश यादव ने अपने BLA को सभी विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में सक्रिय रहकर कम से कम 27,000 नए और वैध वोट बढ़वाने का टारगेट दिया है। सपा का इरादा प्रदेश भर में करीब 1 करोड़ नए वोटर्स को पार्टी के पक्ष में जोड़ने का है। वहीं बीजेपी ने भी अपने बीएलए को माइक्रो-लेवल पर काम करने के निर्देश दिए हैं।
ये भी पढ़ेंः यूपी में कांग्रेस ने समाजवादी पार्टी से मांगी 200 से ज्यादा सीटें, थमा दी लिस्ट; अब आगे क्या?
गढ़मुक्तेश्वर में BJP लगाएगी जीत की हैट्रिक या SP रोक देगी उसका विजय रथ? समझिए यूपी चुनाव 2027 के सियासी समीकरण