1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. एटा में भीषण सड़क हादसा, ट्रक ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को मारी टक्कर; 1 कांवड़िए की मौत और 6 घायल

एटा में भीषण सड़क हादसा, ट्रक ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को मारी टक्कर; 1 कांवड़िए की मौत और 6 घायल

एटा के पास नेशनल हाईवे पर कांवड़ियों को ले जा रहे ट्रैक्टर-ट्रॉली को बेकाबू तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में घायल एक कांवड़िए की इलाज के दौरान मौत हो गई है।

एटा में ट्रक ने...- India TV Hindi
Image Source : ANI (प्रतीकात्मक फोटो) एटा में ट्रक ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को मारी टक्कर।

उत्तर प्रदेश में एटा के पास मैनपुरी-अलीगढ़ नेशनल हाईवे पर तीर्थयात्रियों को ले जा रही ट्रैक्टर-ट्रॉली को एक तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उस पर सवार एक कांवड़िए की जान चली गई, जबकि 6 अन्य लोग घायल हो गए। यह हादसा शनिवार की रात लगभग साढ़े 11 बजे कोतवाली देहात थाना इलाके में हुआ।

गंगा जल लेने सोरों जा रहे थे कांवड़िए

बता दें कि मैनपुरी जिले के कुरावली इलाके के किशनपुर गांव से कांवड़िए ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर गंगा जल लेने सोरों जा रहे थे। सूत्रों के मुताबिक, मैनपुरी-अलीगढ़ नेशनल हाईवे पर ट्रैक्टर-ट्रॉली को पीछे से एक तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन सहित घटनास्थल से फरार हो गया।

घायल कांवड़िए ने अस्पताल में तोड़ा दम

दुर्घटना में घायल 7 कांवड़ियों को एम्बुलेंस के जरिए सरकारी मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। इनमें 50 साल के सत्यपाल के सिर में गंभीर चोटें आई थीं। फिर उन्हें बेहतर इलाज के लिए सैफई के अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान आज (रविवार को) उनकी मौत हो गई।

हादसे में 6 अन्य तीर्थयात्री भी हुए घायल

इस दुर्घटना में जख्मी अन्य लोगों की पहचान 15 साल की रागिनी, 23 साल की निशा, 35 साल के गीतम, 40 साल के रघुवीर, 22 साल की संध्या और 15 साल की मुस्कान के रूप में हुई है। सभी का इलाज जारी है। चश्मदीदों के मुताबिक, दुर्घटना के वक्त ट्रैक्टर-ट्रॉली में 15 से 20 तीर्थयात्री सवार थे। लोकल लोगों का आरोप है कि नेशनल हाईवे पर लगीं स्ट्रीट लाइटें बंद थीं, जिसकी वजह से वहां अंधेरा था और हादसे की आशंका बढ़ गई।

बाराबंकी में भी कांवड़ियों के साथ हादसा

ऐसा ही हादसा बाराबंकी में भी हुआ था। यहां सावन माह में जलाभिषेक के लिए भगौली के तीर्थस्थल जा रहे कांवड़ियों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली आज (रविवार को) सुबह बड्डूपुर थाना इलाके में बेकाबू होकर सड़क के किनारे खेत में उतर गई। इस दुर्घटना में 3 कांवड़िए घायल हो गए, जिनमें एक की हालत अभी गंभीर बताई जा रही है। कांवड़ यात्रा को लेकर सीएम योगी आदित्यनाथ भी बयान जारी कर कह चुके हैं कि कांवड़ यात्रा में अनुशासन बनाए रखें, हुड़दंग से बचें।

(इनपुट- भाषा)

ये भी पढ़ें- कांवड़ियों की सुरक्षा में दौड़ेगी हर-हर महादेव लिखी कांवड़ वैन, मुरादाबाद पुलिस ने की खास तैयारी