उत्तर प्रदेश के इटावा में पांच युवकों पर लापरवाही भारी पड़ गई। पांचों युवक सड़क हादसे का शिकार हो गए। इनमें से चार की मौत हो गई और पांचवें की हालत गंभीर बनी हुई है। ये पांचों युवक एक ही मोटर साइकिल में सवार होकर शादी समारोह से घर लौट रहे थे। इनमें से ज्यादातर नाबालिग थे। अब तक यह पुष्टि नहीं हो पाई है कि हादसा कैसे हुआ। माना जा रहा है कि अज्ञात वाहन ने युवकों की मोटर साइकिल को टक्कर मारी और भाग गया। पुलिस वाहन का पता लगाने की कोशिश कर रही है।
पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि यहां एक अज्ञात वाहन की चपेट में आने से मोटरसाइकिल सवार चार लोगों की मौत हो गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि ऊसराहार थाना क्षेत्र के रुद्रपुर गांव के पास ऊसराहार सरसई नावर मार्ग पर गुरुवार रात को हुई इस घटना में एक व्यक्ति घायल हो गया।
शादी से लौट रहे थे मृतक
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) संजय कुमार वर्मा ने बताया, "दौलतपुर गांव के पांच लोग ऊसराहार कस्बे के पास एक गेस्ट हाउस में शादी समारोह में शामिल होने के बाद मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। रुद्रपुर गांव के पास एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी, जिससे पांचों सड़क पर गिर गए।" पीड़ितों की पहचान आशीष (17), हिमांशु (15), राहुल (22), प्रांशु (15) और रोहित (18) के रूप में हुई है।
सैफई मेडिकल कॉलेज में तीन की मौत
एसएसपी ने बताया कि उन्हें नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। आशीष की सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मौत हो गई, जबकि हिमांशु, राहुल और रोहित ने सैफई ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। वर्मा ने बताया कि प्रांशु का इलाज चल रहा है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। उन्होंने बताया कि मोटरसाइकिल को टक्कर मारने वाले वाहन की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं। (इनपुट- पीटीआई)