A
  1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. UP: पिता से झगड़ रहे नशे में धुत युवक को पड़ोसी ने मारा ऐसा थप्पड़, हो गई मौत, जांच में जुटी पुलिस

UP: पिता से झगड़ रहे नशे में धुत युवक को पड़ोसी ने मारा ऐसा थप्पड़, हो गई मौत, जांच में जुटी पुलिस

नशे में धुत युवक थप्पड़ लगने के बाद लड़खड़ाकर गिर गया। काफी देर तक उसे होश नहीं आया। उसे अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

सांकेतिक तस्वीर- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV सांकेतिक तस्वीर

उत्तर प्रदेश के इटावा जिले में पिता से झगड़ रहे 19 वर्षीय एक युवक को पड़ोसी ने थप्पड़ मार दिया, जिसके बाद उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। निरीक्षक (अपराध) अरिमर्दन सिंह ने बताया कि यह घटना गुरुवार देर रात की है, जब भरथना इलाके का निवासी गौरव नशे की हालत में अपने पिता रघुवर दयाल से झगड़ रहा था। 

थप्पड़ लगने के बाद हो गया बेहोश

पुलिस अधिकारी अरिमर्दन सिंह ने कहा कि कुछ पड़ोसियों ने बीच-बचाव किया और उनमें से एक ने गौरव को थप्पड़ मार दिया, जिससे वह जमीन पर गिरकर बेहोश हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और गौरव को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। 

पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव

पुलिस ने आरोपी के नाम का खुलासा नहीं किया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

पति कि हत्या के आरोप में पत्नी समेत 2 गिरफ्तार

वहीं, दूसरी ओर उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले में पुलिस ने पति की हत्या के आरोप में पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि बीबी नगर थानाक्षेत्र के परतापुर गांव निवासी करण ने 10 सितंबर को शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी भाभी ने अपनी प्रेमी के साथ मिलकर उसके भाई ओमपाल (37) की गला घोंटकर हत्या कर दी। पुलिस के मुताबिक, शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर ओमपाल की पत्नी प्रीति और उसके प्रेमी अभय को गिरफ्तार कर लिया गया। (भाषा के इनपुट के साथ)