A
Hindi News उत्तर प्रदेश लखनऊ की पटाखा फैक्टरी में भीषण विस्फोट, 2 लोगों की मौत, 5 अन्य घायल, बचाव कार्य में जुटी SDRF की टीम

लखनऊ की पटाखा फैक्टरी में भीषण विस्फोट, 2 लोगों की मौत, 5 अन्य घायल, बचाव कार्य में जुटी SDRF की टीम

धमाका इतना भीषण था कि जिस घर में ये फैक्ट्री चलाई जा रही थी, उस घर की छत का एक हिस्सा नीचे गिर गया। घर के मलबे में कई लोग दब गए। एसडीआरएफ की टीम मौके राहत एवं बचाव कार्य चला रही है।

पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट- India TV Hindi Image Source : REPORTER INPUT पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में एक भीषण विस्फोट हुआ है। गुडंबा थाना क्षेत्र में रविवार को एक घर में संचालित की जा रही पटाखा फैक्टरी में ये विस्फोट हुआ है। इसके चलते दो लोगों की मौत हो गई। पांच अन्य लोग घायल हो गए। 

दोपहर 12 बजे के करीब हुआ ब्लास्ट

सहायक पुलिस आयुक्त (ACP) अनिंद्य विक्रम सिंह ने कहा, ‘विस्फोट उस घर में हुआ, जहां पटाखा फैक्टरी संचालित की जा रही थी। इस घटना में दो लोगों की मौत हो गई है और कुछ लोग घायल हुए हैं।’ पुलिस अधिकारियों ने पुष्टि की है कि यह घटना दोपहर करीब 12 बजे गुडंबा के बेहटा इलाके में हुई। 

भवन की छत का एक हिस्सा ढहा

विस्फोट के बाद भवन की छत का एक हिस्सा ढह गया, जिससे पांच अन्य लोग मलबे में दब गए। घटनास्थल पर बचाव अभियान जारी है। घायलों को अस्पताल ले जाया गया है। पुलिस की टीम ने मृतकों की पहचान की है।

SDRF की टीम मौके पर 

एसीपी ने कहा, ‘दमकल विभाग, एम्बुलेंस और स्थानीय पुलिस सहित बचाव दल घटनास्थल पर बचाव कार्य कर रहे हैं।’ राज्य आपदा मोचन बल (SDRF) की टीम भी राहत कार्य में मदद के लिए मौके पर पहुंच गई है। 

सीएम योगी ने जताया दुख

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना का संज्ञान लिया है और मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री कार्यालय से जारी बयान के अनुसार, मुख्यमंत्री ने राहत और बचाव कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं तथा यह सुनिश्चित करने को कहा है कि घायलों को समुचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए। (भाषा के इनपुट के साथ)