1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. फतेहपुर: भाई ने गर्भवती बहन की हत्या कर घर में 3 फीट नीचे दफनाया, मजिस्ट्रेट ने गड्ढा खुदवाकर शव बाहर निकलवाया

फतेहपुर: भाई ने गर्भवती बहन की हत्या कर घर में 3 फीट नीचे दफनाया, मजिस्ट्रेट ने गड्ढा खुदवाकर शव बाहर निकलवाया

मृतक लड़की मानसिक रूप से विक्षिप्त थी और उसकी शादी नहीं हो रही थी। ऐसे में जब भाई को उसके गर्भवती होने की खबर मिली तो उसकी हत्या कर शव को घर में ही दफना दिया और परिवार के सभी लोग फरार हो गए।

police- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV जांच में जुटी पुलिस

उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां सगे भाई ने अपनी बहन को लाठी डंडों से हत्या कर उसके शव को घर के अंदर तीन फीट गड्ढा खोदकर गाड़ दिया और ताला बंद कर पूरे परिवार के साथ मौके से फरार हो गया। जब दो दिन बाद मकान के अंदर से जब बदबू आई तो ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में शव को खोदकर गड्ढे से बाहर निकाला। 

जांच में जुटी पुलिस

ग्रामीणों के बीच चर्चा है कि मृतका मानसिक विछिप्त थी और कई महीने की गर्भवती थी। इसी खुन्नस में भाई ने उसे मौत के घाट उतार दिया। वहीं पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे घटनाक्रम की जांच में जुट गई है।

 

मानसिक रूप से विक्षिप्त थी मृतका

राधानगर थाना क्षेत्र के जखनी गांव का रहने वाली 25 वर्षीय मीना मानसिक रूप से विछिप्त थी, जिस कारण उसकी शादी नहीं हो पाई थी और वह अपने पिता राम स्नेही, भाई फूलचंद्र और भाभी रुकमणी के साथ रहा करती थी। ग्रामीणों के बीच चर्चा रही कि गुरुवार की रात घर पर हत्यारा भाई फूलचंद्र बहन को गर्भवती देख गुस्से में आ गया। उसने अपनी बहन को लाठी डंडों से मौत के घाट उतारकर कमरे के अंदर लगभग तीन फीट गड्ढा खोदकर गाड़ दिया और परिवार संग मौके से फरार हो गया।

जखनी गांव की है घटना

सीओ, थरियांव वीर सिंह ने बताया कि यह घटना जखनी गांव की है। इसमें सूचना मिली थी कि एक भाई है। फूलचंद नाम है, वह लोधी बिरादरी का है । आरोपी ने अपनी बहन की हत्या कर दी है और हत्या करके शव अपने ही घर में छुपा दिया है। इस सूचना पर पुलिस ने मौके पर जाकर चेक किया तो घर पर ताला लगा हुआ था। घर का ताला खुलवाने के लिए मजिस्ट्रेट को नियुक्त किया गया। मजिस्ट्रेट के सामने घर का ताला खोला गया और घर में सर्च किया गया तो बहन की हत्या की गई थी और घर में ही गड्ढा खोदकर उसको दफन कर दिया गया था। लाश बरामद कर दी गई है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

(फतेहपुर से उमेश चंद्रा की रिपोर्ट)