1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. शादी के लिए बेताब लड़कों को सुंदर लड़कियों की फोटो दिखाकर ऐंठ लेते थे बड़ी रकम, ऐसे हुआ फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़

शादी के लिए बेताब लड़कों को सुंदर लड़कियों की फोटो दिखाकर ऐंठ लेते थे बड़ी रकम, ऐसे हुआ फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़

Marriage Fake Call Centre: साइबर क्राइम पुलिस ने एक ऐसे गिरोह का पर्दाफाश किया है जो शादी के लिए बेताब लड़कों को सुंदर लड़कियों की फोटो भेजकर पैसे ऐंठ लेता था। ये लोग मैट्रिमोनियल साइट की मेंबरशिप के नाम पर फंसाते थे। जानें ये पूरा मामला क्या है।

Marriage Fake Call Centre Busted- India TV Hindi
Image Source : REPORTERS INPUT फतेहपुर में फर्जी मैट्रिमोनियल साइट का भंडाफोड़ हुआ है।

Fatehpur Marriage Fake Call Centre: यूपी के फतेहपुर जिले में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां साइबर क्राइम पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शादी.कॉम के कॉल सेंटरों के नाम से चलाई जा रही फर्जी मैट्रिमोनियल साइट और उसके नाम पर ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में 6 आरोपियों को गिरफ्तार करके उनके कब्जे से काफी संख्या में मोबाइल फोन, 144 सिम कार्ड, लैपटॉप और कंप्यूटर बरामद किए हैं। यह गिरोह, उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों में बड़ी ही खुफिया तरीके से चलाया जा रहा था। जबकि इस गिरोह का मास्टरमांइड अमित, जो आगरा का है, यहीं से गिरोह को संचालित कर रहा था। पुलिस ने उसे गिरफ्तार करने के लिए पुलिस टीमें लगा दी हैं।

शादी का झांसा देकर करते थे साइबर ठगी

आपको बता दें कि फतेहपुर जिले की साइबर क्राइम थाना पुलिस को संदिग्ध मोबाइल नंबरों की जांच के दौरान जानकारी मिली थी कि थाना राधानगर क्षेत्र के देवीगंज इलाके में एक किराए के मकान से कॉल सेंटर चलाकर लोगों को शादी कराने का झांसा दिया जा रहा है। यह गिरोह uniquerishtey.com वेबसाइट के जरिए शादी के इच्छुक लोगों के नंबर हासिल करता था और उन्हें अलग-अलग पैकेज ऑफर करता था।

पैसे ऐंठने के बाद तोड़ देते थे संपर्क

ये आरोपी क्यूआर कोड के माध्यम से 2,999 से लेकर 19,999 रुपये तक की रकम वसूलते थे। इसके बाद व्हाट्सऐप पर लड़के-लड़कियों की फर्जी फोटो भेजकर बातचीत कराते और पैसा मिलने के बाद संपर्क तोड़ देते थे। यह कॉल सेंटर पिछले करीब 18 महीनों से संचालित हो रहा था।

3 युवतियों सहित 6 लोग गिरफ्तार

वहीं, पुलिस ने मौके पर छापा मारकर 3 युवतियों सहित कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से कई मोबाइल फोन, सिम कार्ड और कंप्यूटर बरामद किए गए हैं। देश के कई राज्यों में आरोपियों के खिलाफ 17 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।

144 सिम कार्ड और कई मोबाइल-कंप्यूटर बरामद

एसपी फतेहपुर अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि जिले के राधा नगर थाना क्षेत्र के देवीगंज इलाके में एक फर्जी कॉल सेंटर संचालित होने की सूचना पुलिस को मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम की तरफ से छापेमारी की कार्रवाई की गई थी। रेड के दौरान मौके से कई लैपटॉप, मोबाइल, कंप्यूटर और 144 सिम कार्ड सहित अन्य सामग्री पुलिस ने बरामद की है। साथ ही मौके से तीन लड़कियों सहित 6 लोगों को गिरफ्तार किया गया, यह सभी लोग मैट्रिमोनियल साइट बनाकर फर्जी तरीके से लोगों को शादी का झांसा देकर पैसे की ठगी किया करते थे।

फर्जी कॉल सेंटर ने सैकड़ों लोगों को बनाया शिकार

उन्होंने आगे कहा कि यह गिरोह जिले में लगभग 18 महीने से संचालित हो रहा था, जिनके खिलाफ देश के कई अन्य राज्य जैसे- छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र और दिल्ली सहित कई अन्य राज्यों में सैकड़ों लोगों को इस फर्जी कॉल सेंटर से शादी के नाम पर शिकार बनाया गया था। इनके खिलाफ 17 से ज्यादा अलग-अलग राज्यों में मुकदमे दर्ज हैं। साइबर क्राइम टीम को इसकी लीड मिली थी, जिस पर कई दिनों से इस फर्जी कॉल सेंटर की खोजबीन जारी थी। इन शातिरों को सिम प्रवाइड कराने वालों की भी जांच की जा रही है।

(इनपुट- उमेश चन्द्रा)

ये भी पढ़ें- ट्रांसजेंडर से लव ट्रायंगल में गई युवक की जान, पार्टी के लिए बुलाकर बेरहमी से मारा; ऐसे सुलझी हत्याकांड की गुत्थी