A
  1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. हीराकुंड एक्सप्रेस में सीट को लेकर हुआ ऐसा झगड़ा, नाराज यात्री ने ट्रेन में 3 आतंकवादी के होने की दे दी सूचना

हीराकुंड एक्सप्रेस में सीट को लेकर हुआ ऐसा झगड़ा, नाराज यात्री ने ट्रेन में 3 आतंकवादी के होने की दे दी सूचना

ट्रेन में आतंकियों की सूचना मिलने के बाद हड़कंप मच गया। रेलवे सुरक्षा बल और पुलिस की टीम ने पूरी ट्रेन की सघन जांच की। इसके बाद ट्रेन को आगे के लिए रवाना किया गया।

सांकेतिक तस्वीर- India TV Hindi
Image Source : FREEPIK सांकेतिक तस्वीर

उत्तर प्रदेश के झांसी जिले में अमृतसर-विशाखापट्टनम-हीराकुंड एक्सप्रेस में आतंकवादी के होने की सूचना के बाद रविवार को झांसी रेलवे स्टेशन पर गहन जांच की गई। हालांकि, बाद में पता चला कि यह सूचना सीट को लेकर हुए झगड़े की वजह से दी गई थी। 

नहीं मिला कोई संदिग्ध व्यक्ति और सामान

रेलवे पुलिस अधीक्षक विपुल कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि रेलवे सुरक्षा बल नियंत्रण कक्ष को सूचना मिली थी कि अमृतसर-विशाखापट्टनम-हीराकुंड एक्सप्रेस में संदिग्ध आतंकवादी सफर कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस सूचना पर ट्रेन का सघन निरीक्षण किया गया लेकिन कोई संदिग्ध व्यक्ति या सामान नहीं मिला और करीब 30 मिनट की जांच के बाद ट्रेन को दोपहर करीब साढ़े तीन बजे रवाना कर दिया गया। 

तीखी बहस के बाद उतारे गए 4 यात्री

श्रीवास्तव ने कहा कि इससे पहले मध्य प्रदेश के दतिया स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल और पुलिस ने तीखी बहस कर रहे चार यात्रियों को उतार दिया था। अधिकारी ने कहा कि अब तक की जांच में पता चला कि झगड़ा सीट को लेकर शुरू हुआ था, जिसके बाद एक यात्री ने झूठी सूचना दी कि दूसरे समुदाय के बाकी तीन सदस्य आतंकवादी हैं। 

अब चारों यात्रियों से हो रही पूछताछ

पुलिस ने कहा कि चारों यात्रियों की पहचान एबॉट मार्केट के रहने वाले रमेश पासवान और तालपुरा के रहने वाले बिलाल जीलानी, इशान खान व फैजान (सभी झांसी के रहने वाले) के तौर पर हुई है। अधिकारी ने कहा कि पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है। (भाषा के इनपुट के साथ)