A
  1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे आपस में टकराईं कई गाड़ियां, पीएम मोदी के प्रस्तावित दौरे से पहले हड़कंप, कल है उद्घाटन

दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे आपस में टकराईं कई गाड़ियां, पीएम मोदी के प्रस्तावित दौरे से पहले हड़कंप, कल है उद्घाटन

एक्सप्रेस-वे पर एक-एक कर कई गाड़ियां आपस में टकराती चली गईं। इससे एक्सप्रेस-वे पर लंबा जाम लग गया। मंगलवार यानी 14 अप्रैल को पीएम मोदी इसी दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे का उद्घाटन भी करने वाले हैं।

सड़क हादसा- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT सड़क हादसा

नवनिर्मित दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे पर सोमवार को बड़ा सड़क हादसा हो गया। सहारनपुर के थाना बिहारीगढ़ क्षेत्र में डाट काली मंदिर से पहले मोहंड इलाके में तेज रफ्तार वाहनों के आपस में टकराने से पांच गाड़ियां बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। हादसे के बाद एक्सप्रेस-वे पर अफरा-तफरी मच गई और वाहनों की लंबी कतार लग गई।

आपस में टकराती चली गईं कई गाड़ियां

बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार और अचानक ब्रेक लगने के कारण एक वाहन अनियंत्रित हो गया। इसके बाद पीछे आ रही कई गाड़ियां एक-दूसरे से टकराती चली गईं। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कुछ वाहन एक-दूसरे के ऊपर चढ़ गए और कई गाड़ियों के आगे के हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।

राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल किसी के हताहत होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

कुछ समय के लिए प्रभावित हुआ यातायात

घटना के बाद एक्सप्रेस-वे पर लंबा जाम लग गया, जिससे यातायात व्यवस्था कुछ समय के लिए प्रभावित रही। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात को सुचारु करने के प्रयास किए।

कल पीएम मोदी करेंगे उद्घाटन

बता दें कि 14 अप्रैल को इस एक्सप्रेस-वे का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किया जाना है। इसी को लेकर क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्थाएं पहले से ही सख्त की जा रही थीं। ऐसे में इस हादसे ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

खालिद हसन की रिपोर्ट