1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. यूपी के फतेहपुर में गैस सिंलेंडर ब्लास्ट से घर गिरा, आधा दर्जन लोग मलबे में दबे, रेस्क्यू जारी

यूपी के फतेहपुर में गैस सिंलेंडर ब्लास्ट से घर गिरा, आधा दर्जन लोग मलबे में दबे, रेस्क्यू जारी

फतेहपुर में गैस सिलेंडर फटने से एक बड़ा हादसा हो गया। सिलेंडर ब्लास्ट से घर की छत गिर गई। करीब आधा दर्जन लोग मलबे में दब गए। मौके पर रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।

सिलेंडर ब्लास्ट से घर...- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT सिलेंडर ब्लास्ट से घर गिरा

फतेहपुर : उत्तर प्रदेश के फतेहपुर में गैस सिलेंडर फटने से एक बड़ा हादसा हो गया। सिलेंडर ब्लास्ट से घर की छत गिर गई। करीब आधा दर्जन लोग मलबे में दब गए। मौके पर रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। हादसा काफी भीषण था। अभी तक किसी के हताहत होने की जानकारी सामने नहीं आई है।

मलवा थाना क्षेत्र की घटना

जानकारी के मुताबिक मलवा थाना क्षेत्र के एक घर में खाना बनाते समय यह हादसा हुआ। अचानक गैसे सिलेंडर फटने से तेज आवाज हुई और इलाके में हड़कंप मच गया। चारों और चीख पुकार मच गई। सिलेंडर ब्लास्ट इतना जबर्दस्त था कि जिस घर में ब्लास्ट हुआ वह पूरी तरह से जमींदोज हो गया था। पूरी बिल्डिंग के परखच्चे उड़ गए और घर के अंदर रह रहे लोग मलबे में दब गए।

बताया जा रहा है कि इस घटना में दो मंजिला बिल्डिंग गैस सिलेंडर फटने से उड़ी है। विस्फोट इतना तेज था कि आसपास के 4 से 5 घर भी क्षतिग्रस्त हो गए । अभी मौके पर रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। जिले के डीएम और एसपी भी मौके पर मौजूद हैं। 

जिस वक्त यह हादसा हुआ उस वक्त घर में 10 लोग थे। पांच लोग तो किसी तरह घर से निकलने में सफल रहे लेकिन परिवार के पांच लोग मलबे में दब गए। इन लोगों को फायर ब्रिगेड की टीम ने रेस्क्यू कर बाहर निकाला और मेडिकल कॉलेज भेज दिया।

2 किमी दूर तक ब्लास्ट की आवाज सुनाई दी

ब्लास्ट इतना भयानक था कि करीब 2 किमी दूर तक इसकी आवाज सुनी गई। आसपास के करीब आधा दर्जन मकान भी क्षतिग्रस्त हो गए। जिस मकान में ब्लास्ट हुआ वह सुरेश गुप्ता का मकान बताया जा रहा है। सुरेश गुप्ता और उनके भाई का परिवार इस मकान में रहता था। परिवार में 5 छोटे बच्चे भी थे। सुरेश गुप्ता फल की दुकान लगाने का काम करते थे।

रिपोर्ट-उमेश चंद्रा, फतेहपुर