गाजियाबाद की राजनगर एक्सटेंशन की स्टार रामेश्वरम सोसाइटी में मंगलवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई। सोसाइटी में घूम रही 6 साल की मासूम बच्ची पर तीन आवारा कुत्तों ने अचानक हमला कर दिया। कुत्तों ने बच्ची को घेर लिया और उस पर झपट पड़े। हमले में बच्ची घायल हो गई। पूरी घटना सोसाइटी में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई।
तीनों कुत्ते ने घर कर उसे काटा
बताया जा रहा है कि बच्ची इसी सोसाइटी में अपने परिवार के साथ रहती है। घटना के दौरान बच्ची सोसाइटी परिसर में घूम रही थी, तभी तीन स्ट्रीट डॉग्स ने उसे घेर लिया और हमला कर दिया। पास से गुजर रही एक महिला ने समय रहते कुत्तों को वहां से भगाया।
काफी देर तक रोती-बिलखती रही बच्ची
कुत्तों के काटने से घायल हुई बच्ची को देखने के लिए सोसाइटी के अंदर लोगों की भीड़ जमा हो गई। अचानक से तीन कुत्तों के काटने से डरी-सहमी बच्ची काफी देर तक रोती-बिलखती रही। वहां खड़े लोग उसे चुप कराने की कोशिश करते रहे।
कुत्तों के लगातार हमलों से दहशत में सोसायटी के लोग
इस घटना ने एक बार फिर आवारा कुत्तों को लेकर लोगों के अंदर गुस्सा भर दिया है। सोसाइटी के लोगों का आरोप है कि परिसर में आवारा कुत्तों का आतंक लगातार बना हुआ है। कुत्ते पहले भी सोसाइटी में लोगों पर हमला कर चुके हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस संबंध में कई बार शिकायत भी की गई, लेकिन नगर निगम की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
बच्चों की सुरक्षा को लेकर खड़े हुए सवाल
घटना के बाद सोसाइटी के लोगों में खासकर बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। सोसाइटी के लोगों ने आवारा कुत्तों के खिलाफ जल्द कार्रवाई की मांग की है। इसके पहले भी आवारा कुत्तों के काटने की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं। लोगों का आरोप है कि नगर निगम इस मामले में चुप्पी साधे हुए है। कई बार शिकायत करने के बाद भी आवारा कुत्तों के काटने की घटनाएं बार-बार हो रही हैं।
गाजियाबाद से ज़ुबेर अख्तर की रिपोर्ट
ये भी पढ़ें:
जन्माष्टमी से पहले मंदिर से लड्डू गोपाल-राधा रानी की मूर्तियां चुराईं, पुलिस ने 6 घंटे में दानिश को दबोचा