A
  1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. गाजियाबाद: NEET परीक्षा से पहले 22 साल के छात्र ने फांसी लगाकर आत्महत्या की, पिता सरकारी विभाग में काम करते हैं

गाजियाबाद: NEET परीक्षा से पहले 22 साल के छात्र ने फांसी लगाकर आत्महत्या की, पिता सरकारी विभाग में काम करते हैं

यूपी के गाजियाबाद में एक छात्र ने फांसी लगाकर सुसाइड कर ली। छात्र ने नीट परीक्षा से पहले सुसाइड की है, वह इस परीक्षा की तैयारी कर रहा था।

Ghaziabad- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT गाजियाबाद में एक छात्र ने फांसी लगाकर जान दी

गाजियाबाद: यूपी के गाजियाबाद से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक 22 साल के छात्र ने फांसी लगाकर सुसाइड कर ली है। वह 21 जून को होने वाली नीट परीक्षा की तैयारी कर रहा था। परीक्षा से पहले छात्र ने ये कदम क्यों उठाया, ये चर्चा का विषय बना हुआ है।

क्या है पूरा मामला?

नीट परीक्षा से दो दिन पहले 22 वर्षीय छात्र जतिन कुमार ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। ये विजयनगर थाना क्षेत्र के प्रताप विहार सेक्टर-9 की घटना है। छात्र ने आत्महत्या से पहले 1 मिनट 4 सेकंड का वीडियो बनाया।

वीडियो में छात्र ने कहा- "मुझे नीट की कोई टेंशन नहीं है, पापा ने कहा है टेंशन मत लो", फिर फंदा दिखाते हुए रिकॉर्डिंग बंद कर दी। शुक्रवार सुबह परिजनों को कमरे में छात्र मृत मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने जांच शुरू की। मोबाइल से बरामद वीडियो की पुलिस जांच कर रही है।

ACP उपासना पांडेय का सामने आया बयान

इस घटना पर ACP उपासना पांडेय का बयान सामने आया है। उन्होंने कहा, "मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।" एसीपी उपासना पांडेय ने बताया कि शुक्रवार सुबह करीब 8:15 बजे ललित मोहन ने डायल-112 पर सूचना दी कि सेक्टर-9 विजयनगर में उनके भाई जतिन कुमार (22) ने आत्महत्या कर ली है। सूचना पर विजयनगर थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। शव फर्श पर पड़ा था और पंखे से बंधा फंदा टूट चुका था।

पुलिस के अनुसार परिजनों ने बताया कि जतिन नीट की तैयारी कर रहा था। परीक्षा 21 जून को होनी है। बृहस्पतिवार रात करीब 12 बजे तक वह कमरे में टहलता दिखाई दिया। परिजन सुबह जब उसे जगाने गए तो वह मृत अवस्था में मिला।

एसीपी ने बताया कि जतिन के मोबाइल फोन की जांच में रात करीब 12 बजे बनाया गया एक वीडियो मिला। पुलिस का कहना है कि यह वीडियो उसने आत्महत्या से पहले बनाया था। मृतक की एक छोटी बहन है, जो इंटरमीडिएट की छात्रा है। उसके पिता सरकारी विभाग में कार्यरत हैं, जबकि मां गृहिणी हैं।

वीडियो में जतिन ने स्टडी रूम का दृश्य रिकॉर्ड किया और कहा, "हाय, मेरा नाम जतिन है। मैं आज कुछ अलग करने की सोच रहा हूं। इसके बाद उसने फंदा दिखाते हुए कहा, जैसा कि आप लोग देख रहे होंगे। मेरे ऊपर किसी भी चीज का कोई दबाव नहीं है। मैं परेशान नहीं हूं, बिल्कुल चिल हूं। हां थोड़ा डिप्रेस्ड हूं। मुझे नीट परीक्षा की भी कोई टेंशन नहीं है। पापा ने कह दिया है कि टेंशन मत लो, नीट निकलता है तो ठीक है, नहीं तो...(इसके बाद गाली का प्रयोग करता है)। मैं फिर भी इसका प्रयास करना चाहता हूं। अगर सफल होता हूं तो आप लोग यह वीडियो देखेंगे। अगर नहीं होता है तो कोई बात नहीं, कौन जानता है।" (रिपोर्ट- जुबैर अख्तर)