गाजियाबाद: इंदिरापुरम के शक्ति खंड-2 में एक रिहायशी इमारत में लगी भीषण आग, सामने आया VIDEO
यूपी के गाजियाबाद के इंदिरापुरम में आग लगने की घटना सामने आई है। ये आग इंदिरापुरम के शक्ति खंड-2 में एक रिहायशी इमारत में लगी है।

गाजियाबाद: यूपी के गाजियाबाद से बड़ी खबर सामने आई है। इंदिरापुरम के शक्ति खंड 2 स्थित फ्रेंड्स एवेन्यू स्थित एक रिहायशी इमारत में आग लगने की घटना हुई है। दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंच गई हैं और आग पर काबू पा लिया गया है।
क्या है पूरा मामला?
गाजियाबाद के शक्ति खंड-2 में जिस इमारत में आग लगी, वह पांच मंजिला है। हालांकि गनीमत ये रही कि आग लगने के बाद यहां से एक दर्जन से ज्यादा परिवारों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
घटना थाना इंदिरापुरम क्षेत्र के शक्ति खंड-2 स्थित प्लॉट नंबर 188 की है। मिली जानकारी के मुताबिक, फायर बिग्रेड ने आग पर काबू पा लिया है। जिस समय ये हादसा हुआ, उस वक्त कई परिवार इमारत में मौजूद थे लेकिन पड़ोसियों ने उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला।
आग की लपटों में 8 फ्लैट जले
आग में 13 परिवार के करीब 30 सदस्य फंस गए जिन्हें बाहर निकाला गया। आग करीब शाम 8 बजे लगी । बताया जा रहा है कि फटाखे की चिंगारी से इन्वर्टर में आग लगी और देखते ही देखते आग ने पूरी बिल्डिंग को अपने चपेट में ले लिया। इस घटना में 8 फ्लैट जल गए।
कैसे लगी आग?
मिली जानकारी के मुताबिक, आग लगने की घटना सोसाइटी परिसर में पटाखे जलाने की वजह से हुई है। देखते ही देखते आग फैल गई और उसने पूरी इमारत को अपनी चपेट में ले लिया। इस आग की वजह से इमारत में रहने वालों का काफी नुकसान हुआ है और उनके फ्लैट में रखी चीजें जलकर खाक हो गई हैं।
गनीमत ये रही कि समय पर आग लगने की सूचना पुलिस और दमकल विभाग को दी गई, जिसके बाद मौके पर थाना इंदिरापुरम पुलिस और फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां पहुंचीं। खबर लिखे जाने तक इस घटना में किसी के हताहत होने की बात सामने नहीं आई है।
गौरतलब है कि गाजियाबाद का इंदिरापुरम काफी रिहायशी इलाका है, जहां कई बड़ी-बड़ी सोसाइटीज हैं, जिनमें हजारों लोग परिवार समेत रहते हैं। ऐसी जगह पर आग लगने की घटना किसी भी बड़ी अनहोनी को अंजाम दे सकती थी। हालांकि गनीमत ये रही कि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया। लेकिन इस घटना की चर्चा पूरे इंदिरापुरम में हो रही है।