1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. गाजियाबाद: Zomato के डिलीवरी बॉय की गुंडागर्दी, खाना आर्डर करने वाले शख्स को पीटा, फायरिंग और तोड़फोड़ भी की

गाजियाबाद: Zomato के डिलीवरी बॉय की गुंडागर्दी, खाना आर्डर करने वाले शख्स को पीटा, फायरिंग और तोड़फोड़ भी की

यूपी के गाजियाबाद में Zomato के डिलीवरी बॉय की गुंडागर्दी का वीडियो सामने आया है। डिलीवरी बॉय ने खाना ऑर्डर करने वाले एक शख्स की पिटाई की है और फायरिंग के साथ-साथ तोड़फोड़ की है।

Ghaziabad- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV गाजियाबाद में Zomato के डिलीवरी बॉय की गुंडागर्दी

गाजियाबाद: यूपी के गाजियाबाद से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां जोमैटो के एक डिलीवरी बॉय ने खाना आर्डर करने वाले शख्स को अपने साथियों के साथ मिलकर पीटा है। यही नहीं, जोमैटो के डिलीवरी बॉय के साथियों ने खाना ऑर्डर करने वाले शख्स के घर पर फायरिंग भी की और गाड़ियों में तोड़फोड़ की।

क्या है पूरा मामला?

गाजियाबाद के नंदग्राम इलाके में जोमैटो डिलीवरी बॉय की गुंडागर्दी का मामला सामने आया है। गढ़ी गांव में रहने वाले आधार चौधरी ने जोमैटो से खाना ऑर्डर किया था। जब डिलीवरी बॉय निशांत खाना लेकर पहुंचा तो आधार चौधरी फोन पर किसी से बात करने में व्यस्त था। 

लंबे समय तक इंतजार करने से गुस्साए डिलीवरी बॉय निशांत की ग्राहक आधार चौधरी से कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर निशांत अपने पास के गांव सिकरोड से आधा दर्जन साथियों को बुला लाया। हथियारों से लैस आरोपियों ने आधार चौधरी के घर के बाहर फायरिंग और गाड़ियों में तोड़फोड़ की। फायरिंग और गुंडई की घटना सीसीटीवी में कैद हो गई। इतना ही नहीं आरोपियों ने घर में घुसकर आधार चौधरी और एक अन्य युवक प्रिंस की जमकर पिटाई कर दी।

दोनों घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आरोपियों ने घर में खड़ी स्कॉर्पियो कार और बाइक को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। इस मामले में एसीपी नंदग्राम पूनम मिश्रा का कहना है कि आधार चौधरी की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कार्रवाई जारी है।

अचानक घटी इस घटना के बाद से इलाके में हड़कंप मचा हुआ है और लोगों को विश्वास नहीं हो रहा है कि एक डिलीवरी बॉय इस तरह की घटना को अंजाम दे सकता है। इस मामले में नन्दग्राम की एसीपी पूनम मिश्रा का बयान सामने आया है।  (इनपुट: जुबैर अख्तर)