1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. UP: एक झटके में बुझ गए 3 चिराग, झोपड़ी में सो रहा था परिवार, तभी चढ़ गया ट्रक, बच्चों की मौत से पसरा मातम

UP: एक झटके में बुझ गए 3 चिराग, झोपड़ी में सो रहा था परिवार, तभी चढ़ गया ट्रक, बच्चों की मौत से पसरा मातम

ट्रक के चढ़ने से झोपड़ी के अंदर सो रहे तीन बच्चों की मौके पर मौत हो गई। पास में सो रही मां गंभीर रूप से घायल हो गई। महिला को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है।

सांकेतिक तस्वीर- India TV Hindi
Image Source : FILE PHOTO सांकेतिक तस्वीर

उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। गहमर थाना क्षेत्र के मां कामाख्या धाम मंदिर के सामने सड़क किनारे एक झोपड़ी को ट्रेलर ट्रक ने कुचल दिया, जिससे वहां सो रहे तीन बच्चों की मौत हो गई। पुलिस ने शनिवार को इसकी जानकारी दी। 

सड़क किनारे बनी झोपड़ी में चढ़ गया ट्रक

पुलिस ने कहा कि इस हादसे में बच्चों की मां बुरी तरह से घायल हो गई। घायल महिला को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कामाख्या धाम पुलिस चौकी के प्रभारी उपनिरीक्षक रमेश पटेल ने शनिवार को कहा कि शुक्रवार की रात लगभग 11 बजे गाजीपुर की ओर से आकर बारा की ओर जा रहा ट्रेलर ट्रक सड़क किनारे बनी झोपड़ी पर चढ़ गया। 

ट्रक के कुचलने से तीन बच्चों की मौत

पुलिस अधिकारी पटेल ने कहा कि झोपड़ी में लाल जी डोम की पत्नी संतरा देवी, 9 साल की बेटी सपना कुमारी, 7 साल की बेटी कबूतरी और 4 साल का बेटा ज्वाला सो रहे थे। तीनों बच्चों की ट्रक से कुचल जाने से मौके पर ही मौत हो गई, जबकि संतरा देवी का सरकारी अस्पताल में इलाज किया जा रहा है। 

ट्रक का ड्राइवर फरार

पुलिस ने नाकाबंदी कर ट्रक को उत्तर प्रदेश बिहार सीमा पर बारा गांव के पास पकड़ लिया है। हालांकि, चालक फरार है। उन्होंने कहा कि तीनों शवों को पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिये भेजा जा रहा है। पुलिस की टीम चालक को पकड़ने का प्रयास कर रही है।

(शशिकांत तिवारी और भाषा के इनपुट के साथ)