A
  1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. जेवर लेकर भाग रहे बदमाशों से भिड़ी बहादुर बेटी, सड़क पर गिराया; CCTV फुटेज आया सामने

जेवर लेकर भाग रहे बदमाशों से भिड़ी बहादुर बेटी, सड़क पर गिराया; CCTV फुटेज आया सामने

यूपी के गोरखपुर जिले में ज्वेलरी शॉप से गहने चोरी करके भाग रहे बदमाशों ने एक लड़की भिड़ गई। उसने एक चोर को सड़क पर गिरा भी दिया। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।

बदमाशों से भिड़ गई बहादुर बेटी।- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT बदमाशों से भिड़ गई बहादुर बेटी।

गोरखपुर: जिले के गोला थाना क्षेत्र में सोमवार दोपहर एक ज्वेलर्स की दुकान में दो लुटेरे ग्राहक बनकर घुसे। मौका पाते ही बदमाश करीब 20 ग्राम सोने के गहने पर झपट्टा मारकर भागने लगे। दुकान पर बैठी मालिक की 18 साल की बेटी ने हिम्मत दिखाई और उन्हें दौड़ाकर पकड़ने की कोशिश की। लगभग 100 मीटर तक वह बदमाशों के पीछे दौड़ती रही। उसने बीच सड़क पर एक लुटेरे का हाथ पकड़कर गिरा भी दिया। हालांकि इसके बावजूद लुटेरे भागने में कामयाब हो गए। ये पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

जेवर देखने के बहाने घुसे बदमाश

जानकारी के मुताबिक गोला थाना के उपनगर के वार्ड नंबर- 17 में देवांश स्वर्णकला केंद्र नाम से ज्वेलरी की दुकान है। इस दुकान के मालिक राकेश वर्मा हैं। राकेश अपनी तीसरी बेटी की सगाई के कार्ड बांटने गए थे। उनकी गैरमौजूदगी में उनकी छोटी बेटी अमृता (18) दुकान संभाल रही थी। इसी दौरान दोपहर करीब 2:20 बजे दो युवक ग्राहक बनकर दुकान में घुस गए। उन लोगों ने जेवर दिखाने के लिए कहा। 

20 ग्राम सोने का गहने लेकर भागे बदमाश

जेवर दिखाने के दौरान एक युवक ने झपट्टा मारकर करीब 20 ग्राम वजन के 4-5 जोड़ी कान के झाले उठा लिए। इसके बाद वह दुकान से भागने लगा। हालांकि युवती ने उनका पीछा किया और एक को पकड़कर गिरा भी दिया। हालांकि बाद में मौका पाकर दोनों बदमाश फरार हो गए। सरया सब्जी मंडी के पास उसका साथी बाइक लिए खड़ा था, जहां से दोनों फरार हो गए। घटना की सूचना पाकर दुकान पर पहुंचे मालिक राकेश वर्मा ने बताया कि लूटे गए 20 ग्राम सोने की कीमत लगभग 2 लाख 50 हजार रुपए है।

बदमाशों से भिड़ गई बेटी

गोरखपुर के एसपी साउथ दिनेश पुरी ने बताया कि 27 अप्रैल को दोपहर 2 बजकर 20 मिनट पर गोला थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक ज्वेलरी शॉप पर दो अज्ञात व्यक्ति चांदी की अंगूठी दिखाने के बहाने सोने की झाली का पैकेट लेकर भाग गए। घटनास्थल पर आलाधिकारियों ने पूछताछ की और सीसीटीवी फुटेज में ये घटना सत्य दिखाई दे रही है। सीसीटीवी फुटेज में दो व्यक्ति दिखाई दिए, जो दुकान से निकलकर दाहिनी ओर जाते हुए दिख रहे हैं। इसमें लड़की और उसके पिता जो मालिक हैं, उनकी ओर से मिली तहरीर के आधार पर मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। मौके पर शांति व्यवस्था कायम है। (इनपुट- राज श्रीवास्तव)

यह भी पढ़ें-

IPS अजय पाल और केंद्रीय बलों के खिलाफ शिकायत दर्ज, घर में घुसकर महिलाओं से बदसलूकी का आरोप