1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. लड़की के माता-पिता और दादा ने की प्रेमी जोड़े की हत्या, बदायूं कोर्ट ने सुनाई उम्रकैद की सजा

लड़की के माता-पिता और दादा ने की प्रेमी जोड़े की हत्या, बदायूं कोर्ट ने सुनाई उम्रकैद की सजा

उत्तर प्रदेश के बदायूं में एक अदालत ने प्रेमी जोड़े की हत्या के मामले में लड़की के माता-पिता और दादा को उम्रकैद की सजा सुनाई है। तीनों पर एक-एक लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है।

girls parents and grandfather killed the lovers Badaun court sentenced them to life imprisonment- India TV Hindi
Image Source : PTI प्रतीकात्मक तस्वीर

उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले की एक स्थानीय अदालत ने इस साल की शुरुआत में एक प्रेमी जोड़े की हत्या के मामले में लड़की के माता-पिता और दादा को उम्रकैद की सजा सुनाई है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश (प्रथम) फराह मतलूब की अदालत ने मंगलवार को महेश, उसकी पत्नी भगवती और पिता राम अवतार को नीतू (19) और उसके प्रेमी जयपाल (20) की हत्या का दोषी ठहराया और उन्हें आजीवन कारावास की सजा सुनाई। अदालत ने प्रत्येक दोषी पर एक-एक लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया। 

माता-पिता ने की बेटी की हत्या

अपर जिला शासकीय अधिवक्ता संजीव गुप्ता के अनुसार, गांव परौली निवासी महेश अपनी बेटी नीतू के जयपाल के साथ संबंधों से नाराज था। इसी साल दो जनवरी को महेश ने अपनी पत्नी और पिता के साथ मिलकर नीतू और जयपाल की हत्या कर दी। जयपाल के पिता सूरजपाल ने एक प्राथमिकी दर्ज करवाई थी, जिसमें आरोप लगाया गया कि दोनों परिवारों द्वारा बार-बार मना करने के बावजूद नीतू और जयपाल एक-दूसरे से मिलते रहे। इसी बात से नाराज होकर महेश ने दोनों की हत्या कर दी। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया, तेजी से जांच पूरी की और 16 दिन के भीतर आरोपपत्र दाखिल कर दिया। 

कोर्ट ने तीनों को ठहराया दोषी

गुप्ता ने बताया कि अदालत ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद तीनों को दोषी ठहराया और यह आदेश भी दिया कि जुर्माने की राशि जयपाल के माता-पिता को मुआवजे के रूप में दी जाए। बता दें कि इससे पहले दिल्ली से सटे ग्रेटर नोएडा में 2 छात्रों के बीच निजी कॉलेज के हॉस्टल के कमरे में गोलीकांड की घटना देखने को मिली थी। यहां 2 छात्रों ने एक-दूसरे को गोली मार दी थी। इस घटना में एक MBA छात्र की मौत हो गई और दूसरा पीजीडीएम छात्र गंभीर रूप से घायल है। बता दें कि पूरा मामला ग्रेटर नोएडा के थाना नॉलेज पार्क इलाके का है।