मथुरा से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां मामूली सी बात पर दबंगों ने हैवानियत की सारी हदें पार कर दीं। एक युवक ने देर रात पंचर बनाने से क्या मना किया… दबंगों ने पहले उसे बेरहमी से पीटा और फिर जाते-जाते उस पर बाइक चढ़ाकर फरार हो गए। इस पूरी वारदात का वीडियो CCTV कैमरे में कैद हो गया। जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
आधी रात को पंचर बनाने से मना किया तो पीटकर किया अधमरा
ये घटना मथुरा के यमुना एक्सप्रेसवे सर्विस रोड स्थित वृंदावन कट के पास की है। जहां राया कस्बे के रहने वाले आजम की पंचर की दुकान पर अमन नाम का युवक काम करता है। जानकारी के मुताबिक, 11 अप्रैल की रात करीब ढाई बजे कुछ युवक वहां पहुंचे और उन्होंने बताया कि उनकी स्कॉर्पियो गाड़ी पंचर हो गई है। उन्होंने अमन पर मौके पर चलकर पंचर ठीक करने का दबाव बनाया। देर रात होने की वजह से अमन ने जाने से साफ मना कर दिया। यही बात दबंगों को नागवार गुजर गई। उन्होंने पहले गाली-गलौज शुरू की और विरोध करने पर अमन पर टूट पड़े। दबंगों ने अमन को सड़क पर गिराकर बेरहमी से लात-घूंसे बरसाए। जब इससे भी मन नहीं भरा तो उसके ऊपर बाइक चढ़ाकर फरार हो गए।
यहां देखें वीडियो
आरोपियों की हुई पहचान
ये पूरी घटना पास लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह युवक अमन को पीट रहे हैं। उसे सड़क पर छोड़कर बाइक से रौंदते हुए निकल जाते हैं। हैरानी की बात ये है कि मौके पर मौजूद एक शख्स भी डर के कारण उसे बचाने की हिम्मत नहीं जुटा पाया। पुलिस की जांच में सीसीटीवी से घटना का खुलासा हुआ है। CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान हो चुकी है। इनमें अंकित, मनीष, राघवेंद्र और चिराग शामिल है। जो थाना राया क्षेत्र के अलग-अलग गांवों के निवासी बताए जा रहे हैं। इस मामले में पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपियों की तलाश जारी है।
रिपोर्ट- एम एस शर्मा, मथुरा