1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. मथुरा में गूंजी गोलियों की तड़तड़ाहट, बाइक से आए बदमाशों ने दर्जनों राउंड की फायरिंग; CCTV फुटेज आया सामने

मथुरा में गूंजी गोलियों की तड़तड़ाहट, बाइक से आए बदमाशों ने दर्जनों राउंड की फायरिंग; CCTV फुटेज आया सामने

धर्मनगरी मथुरा में सुबह-सुबह गोलियों की आवाज से लोगों में हड़कंप मच गया। इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें कुछ बदमाश बाइक से आए और गोलियां बरसाते हुए निकल गए।

बदमाशों ने कई राउंड की फायरिंग।- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV बदमाशों ने कई राउंड की फायरिंग।

मथुरा: जिले में आज कल दबंगों के हौंसले बुलंद हो गए हैं। प्रशासन की लगातार कार्रवाई के बावजूद दबंग अपने कारनामों से पीछ नहीं हट रहे हैं। ऐसा ही एक मामला मथुरा के थाना हाइवे क्षेत्र के गोवर्धन रोड से सामने आया है। यहां सतोहा गांव में सुबह-सुबह गोलियों की तड़तड़ाहट से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। गांव में अधिकांश लोग अपने घरों में चैन की नींद सो रहे थे, तभी अचानक सुबह 4 बजे गोलियों की तड़तड़ाहट सुनाई दी। ये पूरी घटना वहां पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।

सुबह-सुबह फायरिंग से मची दहशत

दरअसल, गांव सतोहा निवासी गीतम सिंह ने पुलिस को दी हुई तहरीर में बताया कि वह सुबह अपने घर पर सोया हुआ था। तभी उसने लगभग 4 बजे बंटी, जयदेव और अन्य लोगों को गाली गलौज करते हुए सुना। अचानक उनके द्वारा सीधे घर पर फायरिंग करनी शुरू कर दी गई। कई राउंड फायरिंग सीधे घर पर हुई, जिसके कई निशान दीवार और दरवाजे पर बने हुए हैं। अचानक हुई फायरिंग से घबराए गीतम सिंह ने तत्काल 112 डायल कर पुलिस को सूचना दी। पुलिस के पहुंचने से पहले ही फायरिंग करने वाले दबंग किस्म के लोग भाग खड़े हुए।

सामने आया सीसीटीवी फुटेज

फिलहाल पुलिस ने मौके से कई खाली कारतूस के खोखे बरामद किए हैं। गीतम सिंह ने पुलिस प्रशासन से जान माल की सुरक्षा की गुहार लगाई है। पुलिस की टीम मामले की छानबीन में जुट गई है। वहीं मथुरा में लगातार दबंगों द्वारा सरेआम इस तरह की घटना को अंजाम देना पुलिस प्रशासन पर सवालिया निशान खड़ा कर रहा है। मथुरा की जनता इस मुद्दे पर प्रशासन से उम्मीद कर रही है कि ऐसी घटनाओं को रोकने में मथुरा प्रशासन के अधिकारी कोई कोर कसर न छोड़ें। स्थानीय लोगों की मांग है कि अपराधियों को इस कदर दहशत फैलाने के लिए कड़ी कार्रवाई कर सबक सिखाने में कोई कसर न छोड़ें। (इनपुट- मोहन श्याम शर्मा)

यह भी पढ़ें- 

सूटकेस में कांग्रेस नेता हिमानी का शव, मां ने लगाया आरोप- 'पार्टी और चुनाव ने ली बेटी की जान'

मायावती ने भतीजे आकाश आनंद को सभी पदों से हटाया, आनंद कुमार को बनाया नेशनल कोऑर्डिनेटर