A
Hindi News उत्तर प्रदेश UP: बीवी के साथ जा रहे शख्स को गोलियों से भूना, 2 लाख रुपये भी लूटे

UP: बीवी के साथ जा रहे शख्स को गोलियों से भूना, 2 लाख रुपये भी लूटे

झांसी में एक शख्स की बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के समय शख्स की पत्नी भी उसके साथ थी। वहीं आरोपियों ने युवक को गोली मारने के बाद उसके पास से दो लाख रुपये भी लूट लिए।

युवक की गोली मारकर की हत्या।- India TV Hindi Image Source : REPRESENTATIVE IMAGE युवक की गोली मारकर की हत्या।

झांसी: यूपी के झांसी जिले में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक व्यक्ति की उसकी पत्नी के सामने ही गोली मार कर हत्या कर दी गई। पूरा मामला जिले के सीपरी बाजार थानाक्षेत्र में उन्नाव-बालाजी रोड का बताया जा रहा है। यहां सोमवार को हथियारों से लैश हमलावरों ने पुरानी रंजिश के चलते बाइक सवार एक व्यक्ति पर फायरिंग कर दी। इस दौरान शख्स की पत्नी भी उसके साथ ही, जिसके सामने ही उसे गोलियों से छलनी कर दिया। युवक अचेत होकर गिर गया, जिसके बाद आरोपियों ने दो लाख रुपये भी लूट लिए। वहीं अस्पताल ले जाते समय युवक की मौत हो गई।

बैंक से पैसे निकाल कर जा रहे थे घर

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) बी वी जीटीएस मूर्ति ने बताया कि आज दोपहर बाद भोजला गांव के अरविंद यादव (40) अपनी पत्नी संगीता के साथ मोटरसाइकिल से बैंक से अपने घर जा रहे थे। इसी दौरान भोजला चौराहे के पास कुछ लोगों ने घेरकर उन्हें गोली मार दी। एसएसपी का कहना है कि अरविंद की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। उन्होंने कहा कि प्रथम दृष्टया नजर आ रहा है कि अरविंद को दो गोलियां लगीं। एसएसपी ने बताया कि इस संबंध में हमलावर के रूप में रिंकू यादव एवं एक अन्य का नाम प्रकाश में आया है, जिनकी तलाश की जा रही है।

पुरानी रंजिश में गोली मारने का मामला

एसएसपी ने बताया कि भोजला गांव के इन दोनों परिवारों के बीच 2019 से पुरानी रंजिश चली आ रही है, जिसकी जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि जल्द ही हमलावरों की गिरफ्तारी कर ली जाएगी। एसएसपी ने बताया कि अरविंद की पत्नी संगीता यादव का आरोप है कि आधा दर्जन से अधिक लोगों ने ताबड़तोड़ गोलियां चलाकर उनके पति की हत्या कर दी तथा बैंक से निकाल कर लाये गए दो लाख रुपये भी लूट कर ले गए और उनके साथ मारपीट भी की गयी। (इनपुट- पीटीआई)