1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. गोरखपुर: तहसील में भाइयों के बीच बवाल, मां की वसीयत को लेकर भयकंर मारपीट, वीडियो वायरल

गोरखपुर: तहसील में भाइयों के बीच बवाल, मां की वसीयत को लेकर भयकंर मारपीट, वीडियो वायरल

Gorakhpur Tehsil Video: गोरखपुर में गोला तहसील के अंदर जबर्दस्त मारपीट हुई है। यहां दो भाइयों ने मिलकर तीसरे भाई को कूट दिया। तीनों भाई जब एक-दूसरे को छोड़ने को राजी नहीं थे तो वकीलों को इस झगड़े में हस्तक्षेप करना पड़ा।

Gorakhpur Fight Video- India TV Hindi
Image Source : REPORTERS INPUT गोरखपुर की गोला तहसील में भाइयों के बीच बवाल हो गया है।

Gorakhpur Fight Video: यूपी में गोरखपुर के गोला तहसील परिसर में मां की संपत्ति की वसीयत को लेकर तीन भाइयों के बीच जमकर मारपीट हो गई। दिनदहाड़े हुई इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया। अधिवक्ताओं के हस्तक्षेप से मामला शांत कराया गया। पुलिस ने दोनों पक्षों का शांति भंग में चालान कर दिया है।

पिता की मौत के बाद वसीयत को लेकर विवाद

बता दें कि ये मामला नगर पंचायत गोला के घोड़ालोटन वार्ड नंबर 2 का है। मनोज मद्धेशिया, प्रदीप मद्धेशिया और राजा मद्धेशिया तीनों सगे भाई हैं। ये तीनों स्वर्गीय बाबुमन मद्धेशिया के बेटे हैं। पिता की मृत्यु कुछ साल पहले हो चुकी है। तीनों भाई एक ही मकान में रहते जरूर हैं, लेकिन अलग-अलग अपने परिवार के साथ रह रहे हैं। पिता की मौत के बाद उनकी मां छोटे बेटे राजा मद्धेशिया के साथ रहने लगीं।

दो भाई अपने नाम कराना चाहते थे रजिस्ट्री

राजा गोला सब्जी मंडी में होटल चलाता है, जबकि मझले भाई प्रदीप चंद चौराहे पर ठेला लगाते हैं। इसके अलावा, बड़ा भाई मनोज बाहर शहर में रहकर परिवार का भरण-पोषण करता है। बताया जाता है कि बुधवार सुबह करीब 11 बजे बड़ा और छोटा भाई अपनी मां को लेकर गोला तहसील पहुंचे थे, जहां वे मां के हिस्से की संपत्ति की रजिस्ट्री कराने की तैयारी में थे। इसकी भनक लगते ही मझला भाई प्रदीप भी तहसील पहुंच गया और रजिस्ट्री का विरोध करने लगा।

बड़े और छोटे भाई ने मिलकर मंझले को कूटा

देखते ही देखते तीनों के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद इतना बढ़ गया कि बड़ा और छोटा भाई मिलकर मझले भाई की पिटाई करने लगे। तहसील परिसर में मौजूद अधिवक्ताओं ने पहले समझाने का प्रयास किया, लेकिन बात नहीं बनी। इसके बाद कुछ अधिवक्ताओं ने हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों को जबरन अलग किया और परिसर से बाहर कर दिया।

पुलिस के आने से पहले ही भाग गए आरोपी

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक दोनों पक्ष वहां से जा चुके थे। तहसील में हुई इस मारपीट का वीडियो वायरल होने के बाद लोग तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं।

(इनपुट- राज श्रीवास्तव)

ये भी पढ़ें- लॉरेंस बिश्नोई गैंग की 'मैडम जहर' गिरफ्तार, बॉबी कबूतर की गर्लफ्रेंड नेहा को पुलिस ने पकड़ा