उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में दिल्ली-लखनऊ नेशनल हाईवे-9 पर कानून व्यवस्था और यातायात नियमों को ठेंगा दिखाने का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। जिसमें कुछ रईसजादों ने पूरे हाईवे को कैप्चर कर जमकर हुड़दंग किया और लोगों के लिए परेशानी खड़ी कर दी जो पल भर में बड़े हादसे में बदल सकती थी। जिसका वीडियो एक राहगीर ने अपने मोबाइल फोन में कैद कर लिया।
दरअसल, मामला कल रात का बताया जा रहा है यह पूरा हुड़दंग एक शादी समारोह से जुड़ा हुआ है, जहां दूल्हे की कार के साथ चल रही करीब 8 गाड़ियों का काफिला गढ़मुक्तेश्वर के ब्रजघाट टोल प्लाजा की तरफ जा रहा था। इस दौरान रईसजादों ने पूरे हाईवे को अपना स्टंट जोन बना लिया। रात के अंधेरे में तेज रफ्तार गाड़ियों के इस काफिले ने राहगीरों की जान को भारी जोखिम में डाल दिया।
गाड़ी पर लटक रहे थे लड़के
इस घटना का वीडियो एक राहगीर ने बना लिया, जो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, उसका नजारा बेहद डरावना है। वीडियो में एक UP 15 नम्बर की काली स्कॉर्पियो की छत और खिड़कियों से आधा दर्जन युवक बाहर लटककर खुलेआम स्टंट करते दिख रहे हैं। हद तो तब हो गई जब काफिले में शामिल एक अन्य लग्जरी गाड़ी भी अचानक कभी तेज रफ्तार से आगे निकलती तो कभी पीछे होती नजर आई। रईसजादे हाईवे पर ही अपनी गाड़ियों को खतरनाक तरीके से लहरा रहे थे और रफ्तार से खिलवाड़ कर रहे थे। जश्न के नाम पर बीच सड़क पर की जा रही इस गुंडागर्दी के कारण हाईवे पर चल रहे अन्य वाहन चालक भी परेशानी में पड़ गए।
पुलिस ने शुरू की जांच
गढ़मुक्तेश्वर कोतवाली क्षेत्र के इस वीडियो के सामने आने के बाद पुलिस ने इस वायरल वीडियो की जांच शुरू कर दी है। जानलेवा हुड़दंग को लेकर लोगों में भारी आक्रोश है और उन्होंने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कड़ा एक्शन लेने की मांग की है। पुलिस द्वारा वायरल वीडियो के आधार पर मामले की जांच करते हुए जल्द ही कड़ी कार्रवाई करने की बात कही गई है।
कार मालिक पर मोटा जुर्माना
पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर हुड़दंग मचा रही काली स्कॉर्पियो के मालिक की पहचान कर ली है, जिसका नाम शाहिद अली पुत्र अकबर अली है और वह सिसौली गढ़ रोड, मेरठ का रहने वाला है। यातायात पुलिस ने नियमों की सरेआम धज्जियां उड़ाने और लोगों की जान जोखिम में डालने के इस मामले में पुलिस ने सख्त कदम उठाते हुए गाड़ी का 7,000 रूपये का चालान काटा है। इसके साथ ही पुलिस वीडियो में दिख रहे अन्य युवकों की पहचान करने और उनके खिलाफ आगे की कड़ी वैधानिक कार्रवाई करने में जुटी हुई है। पुलिस द्वारा अन्य कार सवार लोगों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है पुलिस इन स्टंटबाजो पर कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की तैयारी कर रही है।
(हापुड़ से निशांक शर्मा की रिपोर्ट)
यह भी पढ़ें-
दूध चोरी का CCTV वीडियो वायरल, 2 आरोपी गिरफ्तार, चोरी के ऑटो में बैठकर चुराते थे दूध
भारत के एक और LPG जहाज 'ग्रीन आशा' ने होर्मुज को क्रॉस किया, अब केवल 'जग विक्रम' की वापसी का इंतजार