1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. हरदोई में पुलिस मुठभेड़ में 4 लुटेरे गिरफ्तार, 2 नाबालिग हिरासत में, 50 लाख के आभूषण बरामद

हरदोई में पुलिस मुठभेड़ में 4 लुटेरे गिरफ्तार, 2 नाबालिग हिरासत में, 50 लाख के आभूषण बरामद

उत्तर प्रदेश के हरदोई में ज्वैलरी लूट मामले का पुलिस ने मुठभेड़ के बाद खुलासा करते हुए 4 बदमाशों को गिरफ्तार और 2 नाबालिगों को हिरासत में लिया। 50 लाख के आभूषण, हथियार और नकदी बरामद हुए। आरोपियों ने रेकी कर वारदात को अंजाम दिया था।

Hardoi police encounter, Hardoi robbery case, Uttar Pradesh crime news- India TV Hindi
Image Source : X.COM/HARDOIPOLICE हरदोई पुलिस ने मुठभेड़ के बाद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

हरदोई: उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में ज्वैलरी लूट की बड़ी वारदात का पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए 4 शातिर बदमाशों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया, जबकि 2 नाबालिगों को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 50 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण, नकदी, अवैध हथियार और अन्य सामान बरामद किया है।

क्या था पूरा मामला?

यह घटना 3 अप्रैल 2026 की शाम करीब 6:10 बजे की है। गोपामऊ निवासी सर्वेश रस्तोगी, जो टड़ियावां में 'सर्वेश कुमार विनीत कुमार सराफा' नाम से ज्वैलरी की दुकान चलाते हैं, अपने बेटे गौरव रस्तोगी के साथ दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। रास्ते में बाजार पुरवा के पास दो मोटरसाइकिलों पर सवार 4 बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। आरोपियों ने तमंचा दिखाकर उनकी बाइक की चाबी छीन ली और डिग्गी में रखा बैग लूट लिया, जिसमें सोने-चांदी के आभूषण और करीब 1.5 लाख रुपये नकद थे। इस मामले में थाना टड़ियावां में मुकदमा दर्ज किया गया और पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जांच शुरू हुई।

16 टीमों ने मिलकर किया खुलासा

घटना के खुलासे के लिए पुलिस अधीक्षक हरदोई के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी और क्षेत्राधिकारी हरियावां के नेतृत्व में 16 टीमों का गठन किया गया। टीमों ने सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और स्थानीय लोगों से पूछताछ के आधार पर आरोपियों की पहचान की और उनकी तलाश शुरू की। 8 अप्रैल की रात पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी टड़ियावां क्षेत्र में बोठा मार्ग से गुजरने वाले हैं। पुलिस ने हरिहरपुर रोड दधनामऊ पुल के पास चेकिंग शुरू की। इस दौरान दो मोटरसाइकिलों पर सवार संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन वे भागने लगे। पुलिस ने पीछा कर सराह गांव के पास घेराबंदी की। खुद को घिरा देख आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की, जिसमें 3 आरोपी घायल हो गए।

गिरफ्तार आरोपी और कार्रवाई

मुठभेड़ में घायल और गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हो गई है। इन आरोपियों के नाम हैं:

  1. प्रियांशु वर्मा (सीतापुर) – पैर में गोली लगी
  2. प्रशांत शुक्ला (सीतापुर)
  3. तुषार रस्तोगी (सीतापुर) – पैर में गोली लगी
  4. सचिन कश्यप (सीतापुर)

इसके अलावा दो नाबालिगों को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है। घायल आरोपियों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।

क्या-क्या हुआ बरामद?

पुलिस ने आरोपियों के पास से भारी मात्रा में सामान बरामद किया है, जिसमें शामिल हैं:

  • 2 मोटरसाइकिल (घटना में प्रयुक्त)
  • 8 मोबाइल फोन
  • 24,100 रुपये नकद
  • करीब 50 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण
  • 4 हार, 12 अंगूठियां, 5 चैन, 20 पेंडेंट
  • 7 मांग टीका, 20 जोड़ी झाला, 16 जोड़ी कुंडल
  • झुमकी, टॉप्स, नथ, पायल, बिछिया और चांदी के सिक्के
  • 3 तमंचे (315 बोर), 2 जिंदा कारतूस और 3 खोखा कारतूस

पूछताछ में हुआ बड़ा खुलासा

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे शातिर लुटेरे हैं और अपने शौक पूरे करने व खर्च चलाने के लिए लूट की वारदात करते थे। वे पहले रेकी करते थे और फिर सुनसान जगह पर घटना को अंजाम देते थे। गिरफ्तार आरोपियों में से प्रियांशु वर्मा और अन्य के खिलाफ पहले भी सीतापुर और लखीमपुर खीरी के थानों में कई मुकदमे दर्ज हैं। अन्य आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जांच जारी है। इस सफल कार्रवाई के लिए पुलिस अधीक्षक हरदोई ने थाना टड़ियावां, एसओजी, स्वाट और सर्विलांस टीम की संयुक्त टीम को 25,000 रुपये का इनाम देकर सम्मानित किया है।