A
  1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. बस स्टैंड पर पति का इंतजार कर रही महिला को 1000 रुपये का लालच देकर छेड़ा, विरोध करने पर मनचले ने किया पीछा, फिर...

बस स्टैंड पर पति का इंतजार कर रही महिला को 1000 रुपये का लालच देकर छेड़ा, विरोध करने पर मनचले ने किया पीछा, फिर...

रोडवेज बस स्टैंड पर देर रात पति का इंतजार कर रही महिला के साथ छेड़छाड़ की घटना सामने आई है। आरोपी ने महिला से अश्लील प्रस्ताव रखा और साथ चलने का लालच देते हुए उसे 1000 रुपये भी ऑफर किए।

महिला से छेड़छाड़ का मामला- India TV Hindi
Image Source : REPORT महिला से छेड़छाड़ का मामला

उत्तर प्रदेश के हरदोई में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। कोतवाली शहर क्षेत्र के रोडवेज बस स्टैंड पर देर रात पति का इंतजार कर रही एक महिला के साथ सरेआम छेड़छाड़ और अपहरण की कोशिश की सनसनीखेज घटना सामने आई है। स्थानीय लोगों और पीड़िता के पति के हस्तक्षेप के चलते आरोपी युवक अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हो सका और उसे पुलिस ने तत्काल हिरासत में ले लिया।

क्या है पूरा मामला?

घटना देर रात कोतवाली शहर क्षेत्र में स्थित रोडवेज बस स्टैंड पर हुई। बघौली थाना क्षेत्र की निवासी पीड़िता हरदोई शहर में अपनी बहन के घर आई हुई थी और वापस जाने के लिए बस स्टैंड पहुंची थी। पीड़िता को उनके पति ने फोन पर सूचना दी थी कि वह खुद आकर उसे ले जाएगा।

महिला बस स्टैंड पर अकेली बैठकर पति का इंतजार कर रही थी। इस दौरान, कौशलपुरी मोहल्ला निवासी आदेश मिश्रा नामक एक युवक अपनी कार से वहां पहुंचा। आरोपी ने अकेले बैठी महिला से अश्लील प्रस्ताव रखा और साथ चलने का लालच देते हुए उसे 1000 रुपये भी ऑफर किए। महिला ने इसका कड़ा विरोध किया और डरकर वहां से भागने की कोशिश की। लेकिन आरोपी युवक ने पीछा करना शुरू कर दिया और अपनी कार को महिला के आगे रोककर उन्हें जबरदस्ती कार में बिठाने की कोशिश की।

लोगों ने घेरी कार, पति ने बुलाई पुलिस

पीड़िता की चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनकर आस-पास मौजूद लोग तुरंत घटनास्थल की ओर दौड़े और उन्होंने आरोपी की कार को चारों तरफ से घेर लिया। इसी गहमागहमी के बीच पीड़िता का पति भी मौके पर पहुंच गया। उसने बिना देर किए तुरंत डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और आरोपी आदेश मिश्रा को हिरासत में ले लिया।

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, कार्रवाई शुरू

पुलिस ने बताया कि पीड़िता की लिखित तहरीर के आधार पर आरोपी आदेश मिश्रा के खिलाफ छेड़छाड़ (धारा 354) और अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी से पूछताछ जारी है और उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

(रिपोर्ट- राम श्रीवास्तव)

ये भी पढ़ें-

तेजस्वी यादव पर आचार्य प्रमोद कृष्णम का बड़ा हमला- "CM बने तो बिहार में शरिया कानून करेंगे लागू"

IRCTC घोटाला: लालू, राबड़ी और तेजस्वी पर आज से कोर्ट में ट्रायल शुरू, भ्रष्टाचार के तहत चलेंगे मुकदमे