उत्तर प्रदेश में पिछले 60 घंटे में बारिश और तूफान से जुड़ी घटनाओं में 56 लोगों की मौत हो गई। 46 लोग घायल हो गए। राज्य के राहत आयुक्त ने रविवार को ये जानकारी दी। राहत आयुक्त डॉक्टर हृषिकेश भास्कर यशोद ने रविवार को बताया कि पिछले 60 घंटों में अतिवृष्टि एवं आंधी-तूफान के कारण प्रदेश में 56 जनहानि, 107 पशु हानि तथा 1021 मकानों के क्षतिग्रस्त होने की सूचना प्राप्त हुई। इसके अतिरिक्त 46 व्यक्तियों के घायल होने की सूचना है।
सीतापुर में 7 लोगों की गई जान
उन्होंने कहा कि जनहानि के मामलों में सीतापुर में 7, लखीमपुर खीरी में 5, बहराइच में 5, बलरामपुर में 5, अयोध्या में 4 तथा गोरखपुर में 4 जनहानि की सूचना प्राप्त हुई है। घायलों में हरदोई में 7, मैनपुरी में 5, श्रावस्ती में 5, बाराबंकी में 5 और सीतापुर-लखीमपुर खीरी में 3-3 लोगों के घायल होने की सूचना है। मकान क्षतिग्रस्त होने के मामलों में हरदोई में 272, सीतापुर में 108, चंदौली में 75, औरैया में 60, गोंडा में 54, हमीरपुर में 51, शाहजहांपुर में 47 तथा बहराइच में 44 मकान क्षतिग्रस्त होने की सूचना है।
यूपी के 56 जिलों में हुई अधिक बारिश
राज्य के 75 में से 56 जिलों में बहुत ज्यादा बारिश दर्ज की गई। यशोद ने रविवार को जिलाधिकारियों और अपर जिला अधिकारियों के साथ राहत और बचाव कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने उन्हें निर्देश दिया कि वे क्षेत्र में रहें, प्रभावित लोगों से सीधा संपर्क बनाए रखें और तुरंत मदद पहुंचाना सुनिश्चित करें।
अधिकारियों को मुआवजा का निर्देश
इसके साथ ही सीएम योगी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे तुरंत फसल के नुकसान का आकलन करें और नियमों के अनुसार मुआवजा दें। जरूरत पड़ने पर रहने की वैकल्पिक व्यवस्था करें और जिन परिवारों के घर क्षतिग्रस्त हुए हैं उन्हें जल्द से जल्द मदद पहुंचाएं।
जारी किया गया हेल्पलाइन नंबर
राहत विभाग ने बताया कि बचाव दल जलभराव वाले इलाकों में फंसे लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के लिए अभियान चला रहे थे। विभाग ने लोगों को सलाह दी कि वे पानी और बाढ़ से प्रभावित इलाकों में बेवजह न जाएं और तेजी से बहने वाली नदियों, नालों और जलधाराओं से दूर रहें। आपातकालीन सहायता के लिए लोग राहत आयुक्त कार्यालय के हेल्पलाइन नंबर 1070 पर संपर्क कर सकते हैं। (भाषा के इनपुट के साथ)
ये भी पढ़ें:
गोरखपुर में जलभराव पर अखिलेश यादव का तंज, "अगर सैफई से ही प्रेरणा ली होती तो ये शहर भी मॉडल बन गया होता"