1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. तेज रफ्तार ने ली जान, डिवाइडर से टकराकर पलटी कार, दो लोगों की हुई मौत

तेज रफ्तार ने ली जान, डिवाइडर से टकराकर पलटी कार, दो लोगों की हुई मौत

उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में तेज रफ्तार कार के डिवाइडर से टकराने और फिर पलट जाने की वजह से 2 लोगों की मौत हो गई है। पुलिस ने यह जानकारी दी। मृतकों की पहचान शोएब और फैज के रूप में हुई है।

High speed took lives car overturned after hitting the divider two people died- India TV Hindi
Image Source : FILE PHOTO प्रतीकात्मक तस्वीर

हापुड़ जिले के बाबू गढ़ क्षेत्र में बाईपास पर मंगलवार रात एक तेज रफ्तार कार के अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराकर पलट जाने से दो लोगों की मौत हो गई और इतने ही अन्य घायल हो गए। यह जानकारी पुलिस सूत्रों ने दी। पुलिस सूत्रों ने बताया कि दिल्ली के निवासी शोएब, फैज, साहिल, अली और हर्षित गुप्ता नैनीताल की यात्रा से लौट रहे थे। सूत्रों ने बताया कि रास्ते में उनकी कार जब बाबू गढ़ क्षेत्र में बछलोटा फ्लाईओवर के पास पहुंची तो चालक ने वाहन पर से अपना नियंत्रण खो दिया और कार डिवाइडर से टकराकर पलट गई। उन्होंने बताया कि इस घटना में शोएब और फैज की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि साहिल, अली और हर्षित घायल हो गए। उन्होंने बताया कि घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। 

मंत्री के काफिले की कार दूसरे वाहन से टकराई

वहीं एक दूसरे मामले में उत्तर प्रदेश की माध्यमिक शिक्षा मंत्री गुलाब देवी मंगलवार को हापुड़ जिले के पिलखुवा क्षेत्र में दिल्ली से अमरोहा जाते वक्त उस समय घायल हो गयीं जब उनकी कार काफिले के एक अन्य वाहन से टकरा गयी। इस घटना में मंत्री समेत दो लोग घायल हुए हैं। उन्हें रामा अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने कार चालकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि माध्यमिक शिक्षा मंत्री गुलाब देवी दिल्ली से अमरोहा जा रही थीं और रास्ते में छिजारसी चौकी के पास उनकी कार काफिले में आगे चल रही गाड़ी से टकरा गयी। पुलिस के अनुसार इस दुर्घटना में गुलाब देवी को हल्की चोटें आयी हैं। इस घटना में उनगाड़ी भी क्षतिग्रस्त हो गई। 

पुलिस ने दी जानकारी

पुलिस के मुताबिक, हादसे की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और मंत्री को दूसरी गाड़ी से रामा अस्पताल भेजा गया। उपचार के बाद उनका काफिला अमरोहा रवाना हो गया। पुलिस ने सम्बन्धित कार चालकों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ शुरू कर दी है। जिलाधिकारी अभिषेक पाण्डेय और पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानन्जय सिंह ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और मंत्री गुलाब देवी का हालचाल जाना। घटना की जांच के निर्देश दिए गए हैं। इस घटना पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंत्री के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। 

(इनपुट-भाषा)